जाखल। चुनाव प्रक्रिया के दौरान मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की टीम ने नगर पालिका कार्यालय में छापा मारा। इस दौरान टीम ने कागजातों की जांच की। टीम ने डोर-टू डोर कूड़ा उठाने वाले ठेकेदार के रिकॉर्ड की जांच की। टीम ने शहर से कचरा उठान व अन्य कार्यों को लेकर निरीक्षण कर हकीकत जानी।
इस संबंध में सीएम फ्लाइंग टीम से डीएसपी कृष्ण कुमार, सब इंस्पेक्टर राजेश, सब इंस्पेक्टर सुनैना ने बताया कि कचरा उठाने के कार्यों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी के तहत सीएम फ्लाइंग टीम द्वारा जाखल नगरपालिका कार्यालय में पहुंच कर कचरा उठाने के कागजात आदि की जांच की गई है।
टीम की जांच में हालांकि डोर टू डोर कचरा उठाने की व्यवस्था दुरुस्त पाई गई है, जबकि इसी बीच सफाई कर्मचारियों का तीन माह का वेतन लंबित होने की बात सामने आई है।
इसे लेकर मौके पर अधिकारियों को सफ़ाई कर्मचारियों का लंबित वेतन जल्द जारी करने के दिशा निर्देश दिए हैं। इस मामले में मुख्यमंत्री उडन दस्ता की टीम की कार्रवाई करीब दो घंटे तक चलती रही। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मचा रहा।