भट्टू कलां। भट्टूमंडी में फतेहाबाद रोड स्थित दो रसगुल्ला फैक्टरियों में सीएम फ्लाइंग की टीम ने छापा मारकर भारी मात्रा में खराब खाद्य पदार्थ नष्ट करवाए। टीम ने दोनों स्थानों से सात सैंपल लिए।
सोमवार को सीएम फ्लाइंग में हिसार से उप निरीक्षक राजेश कुमार, उप निरीक्षक जितेन्द्र सिंह, जिला फतेहाबाद फूड सेफ्टी आफिसर डाॅ. गौरव की संयुक्त टीम की ओर से भट्टूमंडी में छापामार कार्रवाई की गई। इस दौरान फतेहाबाद रोड स्थित बाला जी रसगुल्ला भंडार में 2100 किलोग्राम रसगुल्ला, 1 हजार लीटर चाशनी, 280 लीटर दूध, 40 किलोग्राम गुलाब जामुन, 170 किलोग्राम छेना का स्टॉक मिला।
टीम ने जांच के बाद 200 लीटर चाशनी, 110 किलाग्राम रसगुल्ला उपयोग योग्य न मिलने पर नष्ट करवाया। यहां से रसगुल्ला, गुलाब जामुन, छेना व दूध के चार सैंपल लिए गए।
बाला जी रसगुल्ला फैक्टरी के संचालक राकेश के पास बिक्री का लाइसेंस ना होने पर चालान काटा गया। सेठी रसगुल्ला भंडार में 375 किलोग्राम रसगुल्ला, 315 किलोग्राम गुलाब जामुन, 150 लीटर चासनी, 400 लीटर दूध, 120 किलोग्राम बर्फी, 30 किलोग्राम चमचम का स्टॉक मिला। 150 लीटर चाशनी, 30 किलोग्राम चमचम, 15 किलोग्राम गुलाब जामुन उपयोग योग्य नहीं पाए जाने पर गड्ढे में दबवाया गया। यहां से रसगुल्ला, गुलाब जामुन, बर्फी के सैंपल लिए। बिक्री का लाइसेंस ना होने पर फैक्टरी संचालक सांवरमल का चालान काटा गया।