गांव किरढ़ान में डेयरी पर जांच करते हुए अधिकारी। स्त्रोत : सीएम फ्लाइंग
भट्टू कलां। गांव किरढान में चल रही दूध की डेयरी पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने छापा मारा। टीम की ने वहां से दूध बनाने का सामान बरामद किया है। टीम को सूचना मिली थी कि गांव किरढ़ान में एक घर में दूध डेयरी के रूप में अवैध रूप से चीलिंग प्लांट चल रहा है।
इस पर सीएम फ्लाइंग इंचार्ज सुनैना के नेतृत्व में टीम का गठन कर शनिवार को उक्त स्थान पर छापा मारा गया। इस दौरान टीम ने मौके से करीब 7500 लीटर दूध और 135 किलोग्राम मिल्क पाउडर बरामद किया है। चीलिंग प्लांट से एक 2500 लीटर क्षमता के टैंक और पास खड़े एक 5000 लीटर दूध से भरे टैंकर को भी जब्त किया गया है।
कार्रवाई के दौरान डेयरी संचालक सुनील, गांव किरढ़ान निवासी टीम को मौके पर किसी तरह का कोई डेयरी चलाने संबंधित लाइसेंस नहीं दिखा पाया। टीम इंचार्ज सुनैना के साथ सब-इंस्पेक्टर जितेंद्र, एएसआई सुरेंद्र ढांडा, एचसी विजय और खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. आजाद सिंह, गुप्तचर विभाग से अमित सिलगाव व रामनिवास नेमौके से दूध और मिल्क पाउडर के कई नमूने लिए है, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है।
सूत्रों के अनुसार यहां से बरामद पाउडर से दूध की मात्रा और गाढ़ापन बढ़ाने के लिए उपयोग कर उसको हरियाणा सहित पंजाब व अन्य स्थानों की डेयरियों में भेजा जाता था। टीम ने खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन व बिना लाइसेंस चीलिंग प्लांट चलाने के आरोप में प्लांट संचालक सुनील और टैंकर चालक जगदीश पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।