शहर के बीघड़ रोड पर बने कचरा संग्रह स्थल से कूड़ा के निस्तारण के चल रहे काम की जांच के लिए नप ने थर्ड पार्टी एजेंसी को काम दे दिया है। थर्ड पार्टी एजेंसी के लिए नप ने टेंडर जारी किया था। टेंडर के लिए 6 एजेंसियों ने आवेदन किया था। नप ने मंगलवार को टेंडर खोल दिया है। थर्ड पार्टी एजेंसी के लिए टेंडर करनाल की एजेंसी श्री उदीकरण कंसल्टेंसी को जारी हुआ है।
एजेंसी कचरा संग्रह स्थल पर चल रहे काम की जांच करेगी और रिपोर्ट देगी। थर्ड पार्टी एजेंसी की रिपोर्ट आने के बाद नप कचरा निस्तारण का काम रही एजेंसी को भुगतान करेगी। थर्ड पार्टी एजेंसी की रिपोर्ट के कारण एजेंसी को अभी तक भुगतान नहीं हुआ है। नप अधिकारियों की माने तो यहां पर पिछले सात साल से कचरा जमा हो रहा है। करीब 47 हजार टन कचरा जमा हो चुका है। इसमें से करीब 50 से 60 फीसदी कचरे का निस्तारण हो चुका है।
नगर परिषद के कर्मचारी शहर से कचरा इकट्ठा करने के बाद बीघड़ रोड पर बनाए गए कचरा संग्रह स्थल पर जमा करते है। शहर से रोजाना से 30 से 35 टन कचरा निकलता है। यहां पर सात साल से कचरा जमा हो रहा है। करीब 47 हजार टन कचरा जमा होने के बाद नप ने मार्च माह में निजी एजेंसी को काम दिया था। निजी एजेंसी करीब 3.24 करोड़ से कचरे को नष्ट करने का काम कर रही है।
इन एजेंसियों ने किया था आवेदन
आकांक्षा इंटरप्राइजिज
आयुषी हाईजिन
एचआर कंसल्टेंसी
एमसीएच कंसल्टेंसी
श्री उदीकरण कंसल्टेंसी
यूएलबी कंसल्टेंसी
50 से 60 फीसदी तक हुआ काम
कचरा संग्रह स्थल पर अब तक करीब 50 से 60 फीसदी तक काम पूरा हुआ है। अभी काम चल रहा है। एजेंसी ने बीच में काम रोक दिया था। करीब एक माह तक काम रुका रहा। अब दोबारा से एजेंसी ने काम शुरू किया है।
थर्ड पार्टी की रिपोर्ट के बाद कंपनी को होगा भुगतान
कचरे को संग्रह स्थल पर नष्ट करने का करीब 50 से 60 फीसदी तक काम हो चुका है। लेकिन नप ने अभी तक कंपनी को भुगतान नहीं किया है। थर्ड पार्टी एजेंसी की रिपोर्ट के बाद नप कंपनी को भुगतान करेगी।
कोट
नगर परिषद की तरफ से बीघड़ रोड पर बनाए गए कचरा संग्रह स्थल पर कचरे को नष्ट करने का काम चल रहा है। निजी एजेंसी इस काम को कर रही है। नगर निकाय निदेशालय के आदेश पर काम की जांच के लिए थर्ड पार्टी एजेंसी को टेंडर दिया गया है। एजेंसी काम की जांच करके रिपोर्ट देगी।
- अमित कौशिक, कार्यकारी अभियंता, नगर परिषद।