फतेहाबाद/टोहाना। रविवार को संत शिरोमणि गुरू रविदास जयंती के उपलक्ष्य में शुरू हुए महासफाई अभियान में मंत्री से लेकर संतरी तक ने झाड़ू उठाई और सफाई की। हरियाणा के विकास एवं पंचायत तथा पुरातत्व-संग्रहालय कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने अपने गांव बिढ़ाईखेड़ा के राजकीय प्राथमिक पाठशाला में झाड़ू निकालकर सफाई की तो वहीं चौकी-थानों में एसएचओ और चौकी इंचार्ज से लेकर संतरी तक ने झाड़ू उठाकर सफाई करके स्वच्छता के प्रति गंभीर होने का संदेश दिया।
गांव बिढ़ाईखेड़ा में कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली महासफाई अभियान की शुरुआत करने के लिए खुद ट्रैक्टर चला कर परिवार के साथ गांव के स्कूल में पहुंचे। मंत्री और उनका परिवार डीसी प्रदीप कुमार व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ महासफाई अभियान में शामिल हुआ। गांव की पाठशाला में झाड़ू निकालकर मंत्री व अधिकारियों ने अभियान की शुरूआत कर स्वच्छता का संदेश दिया। यहां कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री मनोहर लाल व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला द्वारा एक संदेश है कि देश व प्रदेश के सभी गांव, देहात, घर, गालियां, गांव-शहरों का पूरा क्षेत्र साफ सुथरा हो, ताकि हर व्यक्ति का जीवन बेहतर हो। इसके लिए महासफाई अभियान संत शिरोमणि गुरू रविदास जयंती पर शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है। मंत्री बबली ने कहा कि इस बारे में मुख्यमंत्री से जब बात हुई तो उन्होंने कहा कि इस अभियान की शुरुआत आप स्वयं करें और उसकी शुरुआत जहां पर मैंने शिक्षा ग्रहण की उसी स्कूल से करने पर यह पूरे गांव के लिए और हम सब के लिए बड़े गर्व की बात है।
उन्होंने सभी प्रदेश, जिला वासियों से आह्वान किया कि इस अभियान में बढ़ चढ़कर भाग लें और इस अभियान को कामयाब बनाएं। मंत्री ने कहा कि हर नागरिक इस महासफाई अभियान में सच्चे दिल से जुड़े और इस अभियान को कामयाब बनाएं। इस मौके पर डीसी प्रदीप कुमार ने कहा कि किसी प्रकार का कार्य हो चौपाल, गालियां व अन्य कार्य सभी में गुणवत्ता का ध्यान रखा जाएगा। इस दौरान मंत्री बबली ने जागरूकता वाहन को झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली, डीसी प्रदीप कुमार, कैबिनेट मंत्री की माता शारदा देवी, उनकी धर्मपत्नी सुनीता बबली, विनोद बबली, मनोज बबली, उनकी बेटे-बेटियां सिमरन, सुभम, साहिल, एसडीएम डॉ. चिनार चहल, संयुक्त जिला परिषद मनोज कुमार, डीएसपी बिरम सिंह, जीएम रोडवेज शेर सिंह, नायब तहसीलदार रमेश कुमार, बीडीपीओ नरेंद्र कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी रघुबीर नैन, करमजीत कौर, पूनम कुमारी आदि मौजूद रहे।
मेडल प्राप्त करने वालों को बनाया ब्रांड एंबेसडर
कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने स्कूल के विद्यार्थियों जिन्होंने मेडल प्राप्त कर गांव का नाम रोशन किया है, उनको महासफाई अभियान का ब्रांड एंबेसडर बनाया ताकि लोगों में स्वच्छता अपनाने के प्रति जागरूकता आए। स्कूली बच्चों व सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने स्वागत गीत से कैबिनेट मंत्री का स्वागत किया। इस दौरान डीसी प्रदीप कुमार ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कैबिनेट मंत्री को पौधा देकर सम्मानित किया। कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने कहा कि ग्रामीण से सीधे संवाद और उनकी समस्याओं के लिए ग्राम दर्शन पोर्टल बनाया जा रहा है, जिसमें प्रदेश का कोई भी नागरिक अपनी बात रख सकता है व सपना सुझाव भी दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत विभाग द्वारा इस पोर्टल की देखरेख की जाएगी और तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
महासफाई अभियान में योगदान देते हुए झाड़ू उठा थाने-चौकियों की पुलिस कर्मियों की सफाई
रविवार को शुरू हुए महासफाई अभियान में जहां एक तरफ कैबिनेट मंत्री देवेंद्र बबली ने पाठशाला में सफाई करके स्वच्छता का संदेश दिया वहीं दूसरी तरफ हमेशा लठ और बंदूक हाथ में लेकर तैनात रहने वाली पुलिस ने भी झाड़ू हाथ में उठाकर स्वच्छता का संदेश दिया। फतेहाबाद के शहर थाना, सदर थाना, बस स्टैंड चौकी, हुडा सेक्टर चौकी सहित जिले की लगभग हर चौकी व थाने में एसएचओ से लेकर थाने के संतरी तक ने हाथ में झाड़ू लेकर अपने यहां साफ-सफाई की। बस स्टैंड चौकी के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर रिसाल सिंह ने कहा कि सरकार का गुरू रविदास जयंती के मौके पर शुरू किया गया महासफाई अभियान लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने में बहुत अहम भूमिका निभाएगा। हमने भी अपनी बस स्टैंड चौकी में आज साफ-सफाई की है और पेड़-पौधों का रखरखाव और बेहतर किया है। वहीं डीएसपी सुभाष चंद्र व डीएसपी अजैब सिंह ने कहा कि सफाई के प्रति हर नागरिक को जिम्मेदारी समझनी चाहिए। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा खुले में न फेंककर कूड़ेदान में डालना चाहिए। यदि हर नागरिक अपने आसपास सफाई रखने की जिम्मेदारी समझ ले तो गंदगी कहीं भी नहीं फैलेगी और हम सब गंभीर बीमारियों से भी बच जाएंगे।
फतेहाबाद में अफसरों ने झाडू़ के साथ करवाई फोटो और आगे बढ़ते गए
नगर परिषद की तरफ से शहर में सफाई अभियान चलाया गया। सफाई अभियान को लेकर एसडीएम राजेश कुमार ने इसकी शुरूआत की लेकिन इसके बाद अफसर मॉनिटरिंग भूल गए। एसडीएम राजेश कुमार, ईओ ऋषिकेश चौधरी, मुख्य सफाई निरीक्षक मुकेश शर्मा अभियान को लेकर झाडू़ के साथ फोटो करवाई और आगे बढ़ गए। लेकिन बाद में व्यवस्था नहीं संभाली गई। शहर के मुख्य चौकों से पहले की तरह ही दोपहर बाद कचरा उठा।
महासफाई अभियान के तहत जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए कैबिनेट मंत्री देवेंद्र ब?- फोटो : Fatehabad
महासफाई अभियान के तहत गांव में झाड़ू निकालते हुए कैबिनेट मंत्री देवेंद्र बबली व डीसी प्रदीप कुम?- फोटो : Fatehabad