गांव नंगल में रविवार देर शाम साझी दीवार पर धूप-अगरबत्ती लगाने को लेकर दो भाई भिड़ गए। इस दौरान दोनाें ओर से जमकर ईंटें और लाठियां चलीं।
झगड़े में दो महिलाओं समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों को रतिया के सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में नंगल निवासी महिला कुलजीत कौर पत्नी दलबारा सिंह ने बताया कि उसके मकान के साथ रहने वाली उसकी जेठानी बलजीत कौर पत्नी बूटा सिंह अक्सर मकान की साझी दीवार पर धूप और अगरबत्ती लगा देती है जिसका धुआं उसके घर के कमरों में भर जाता है।
वह पहले भी कई बार इस पर ऐतराज जता चुकी है। रविवार शाम को ही बलजीत कौर ने दर्जनों अगरबत्ती और धूप दीवार पर जला दिये जिससे उसका धुआं उनके घर में फैल गया।
जब उसने इस बात पर ऐतराज जताया तो बलजीत कौर, बूटा सिंह और उसका चाचा प्रीतम सिंह उसके घर में घुस आए और ईंटों व लाठी से हमला कर उसे घायल कर दिया। जब उसका पति दलबारा सिंह उसे छुड़वाने आया तो उसे भी पीट कर घायल कर दिया।
दूसरी तरफ से घायल बलजीत कौर ने आरोप लगाया कि उसका पति बूटा सिंह खेत से घर आ रहा था। पहले रास्ते में दलबारा सिंह ने गाली-गलौज की और जब पति घर पहुंच गया तो दलबारा सिंह और उसकी पत्नी कुलजीत कौर ने घर में घुसकर लाठी और ईंटों से हमला कर दोनों को घायल कर दिया।
इस हमले के दौरान घर में बैठा चाचा प्रीतम भी घायल हो गया। पुलिस ने बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।