फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में तैयारियां तेज हो गई हैं। अस्पताल प्रशासन ने एनक्वास के मानकों पर खुद का मूल्यांकन करते हुए 79 अंक दिए हैं। अब मंगलवार को जींद से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की टीम अस्पताल का प्री-असेसमेंट करने पहुंचेगी।
अस्पताल में टीम उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई, मरीजों की देखभाल, उपचार व्यवस्था और रिकॉर्ड का मूल्यांकन करेगी। इस दौरान सामने आने वाली खामियों को दूर कर अस्पताल प्रशासन केंद्रीय टीम के निरीक्षण से पहले अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना चाहता है।
दरअसल, एनक्वास यानी नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड स्वास्थ्य संस्थानों में उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता जांचने का राष्ट्रीय मानक है। इसके तहत अस्पताल में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं से लेकर संक्रमण नियंत्रण, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई, स्टाफ की कार्यप्रणाली, मरीजों के अधिकार और अस्पताल प्रबंधन तक का मूल्यांकन किया जाता है।
इसका उद्देश्य केवल अस्पताल की व्यवस्था जांचना नहीं, बल्कि मरीजों को सुरक्षित, बेहतर और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराना है। टीम इन्ही सब व्यवस्थाओं की बारीकी से निरीक्षण करेगी।
-
पिछले साल दो बार हुआ था निरीक्षण
नागरिक अस्पताल में एनक्वास प्रमाणन के लिए पिछले साल राज्यस्तर की टीम दो बार निरीक्षण कर चुकी है। इसके बावजूद अस्पताल प्रशासन अब नए सिरे से तैयारियों में जुटा है। इस बार जींद के अधिकारियों से प्री-असेसमेंट करवाने का उद्देश्य केंद्रीय टीम के निरीक्षण से पहले हर छोटी-बड़ी कमी की पहचान करना है। अस्पताल ने अपने स्तर पर 79 अंकों का आकलन किया है। अब बाहरी टीम के मूल्यांकन से यह स्पष्ट होगा कि तैयारियां निर्धारित मानकों पर कितनी खरी उतर रही है।
प्रमाणन मिलने पर अस्पताल को मिलेगा फायदा
एनक्वास प्रमाणन मिलने से अस्पताल की सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के साथ संस्थान की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मजबूत होती है। इसके तहत अस्पताल को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सुविधाएं विकसित करने, कमियों में सुधार और मरीजों को बेहतर उपचार देने में मदद मिलती है। इसके साथ ही प्रमाणन से जुड़े प्रोत्साहन और गुणवत्ता सुधार के लिए मिलने वाले लाभ भी अस्पताल के लिए महत्वपूर्ण होते हैं।
-
एनक्वास के लिए केंद्र से टीम ने आना है लेकिन उससे पहले प्री असेसमेंट करवाया जा रहा है। जींद की टीम अस्पताल का निरीक्षण करेगी। इस दौरान टीम उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेगी।
- डॉ. सुभाष, एसएमओ।