टोहाना। थाना शहर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नरवाना के पंजाबी चौक निवासी रोहित, आर्य नगर निवासी अंशुल व कालवन निवासी विकास के रूप में हुई है। युवकों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने तीन वाहन चोरी की घटनाओं को सुलझाया गया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर हिसार जेल भेज दिया। थाना शहर प्रभारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि पुलिस ने 14 सितंबर को गांव खनौरा निवासी बलविंदर सिंह की शिकायत पर मिलन चौक के पास से बाइक चोरी होने तथा दूसरे मामले में 17 अक्तूबर को प्रेम नगर निवासी स्वराज की शिकायत पर कुटिया शांत सरोवर के पास से मोटरसाइकिल चोरी होने पर केस दर्ज किया था।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मिलन चौक से रोहित ने जबकि कुटिया शांत सरोवर के पास से रोहित व उसके साथी अंशुल ने बाइक चोरी को अंजाम दिया था। एक अन्य मामले में पुलिस ने 3 अगस्त 2023 को किला मोहल्ला निवासी रोहित की शिकायत पर भूना रोड से उसकी बाइक चोरी होने का केस दर्ज किया था। इस मामले में पुलिस टीम ने अहम सुराग जुटाते हुए आरोपी विकास को गिरफ्तार किया है।