फतेहाबाद। नगर परिषद गृहकर की रिकवरी के लिए शहर के करीब 29 हजार प्रॉपर्टी मालिकों को नोटिस जारी करने जा रहा है। इन्हें 2023-24 के बिल दिए जाएंगे और बकाया बिल भरने को लेकर भी नोटिस दिया जाएगा। नगर परिषद बिल बंटवाने और नोटिस देने का काम निजी एजेंसी को देने जा रही है। एजेंसी के साथ अनुबंध करने के लिए नगर परिषद ने टेंडर जारी कर दिया है। बिल बांटने और नोटिस देने पर नगर परिषद करीब 10 लाख रुपये एजेंसी को भुगतान करेगी। शहर में करीब 30 करोड़ रुपये प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। जिसमें सरकारी कार्यालय भी शामिल है।
बिल में करवा सकेंगे त्रुटि ठीक
नगर परिषद बिल बंटवाने के बाद प्रॉपर्टी मालिकों को बिल में त्रुटियां ठीक करवाने का मौका भी देगी। अगर किसी के प्रॉपर्टी आईडी में गलती है या बिल गलत बना है तो मालिक उसे ठीक करवा सकेंगे। अधिकारियों की माने तो बिल और नोटिस वार्ड स्तर पर बांटे जाएंगे और इसकी मॉनिटरिंग भी की जाएगी।
30 फीसदी की आ सकती है छूट
गृहकर पर 30 फीसदी की छूट भी आ सकती है इसको लेकर नगर निकाय ने निर्देश जारी कर दिए है लेकिन अभी तक नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ है। अगर बिल बांट दिए जाते हैं और छूट का नोटिफिकेशन जारी होता है तो नगर परिषद को रिकवरी की उम्मीद है।
मोबाइल एप से एजेंसी को जारी करने होंगे बिल
एजेंसी मोबाइल एप के जरिए प्रॉपर्टी मालिक को बिल और नोटिस जारी करेगा। एप के जरिए जीपीएस लोकेशन भी रहेगी। ऐसे में प्रॉपर्टी मालिक बिल और नोटिस न मिलने का बहाना नहीं कर पाएंगे।
कोट
गृहकर का करीब 30 करोड़ रुपये बकाया है। इसकी रिकवरी के लिए निजी एजेंसी को काम दिया जा रहा है। एजेंसी बिल और नोटिस बांटेगी। इससे रिकवरी अच्छी होने की उम्मीद है। वर्ष 2021-22 में 18 करोड़ रुपये रिकवरी हुई थी लेकिन अगले वित्त वर्ष में कम रही। इसलिए बिल और बकाया रिकवरी के लिए नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
- ऋषिकेश चौधरी, ईओ, नगर परिषद