शहर की बहु प्रतीक्षित मांग चिल्ली का सुंदरीकरण की मांग जल्द पूरी होने जा रही है। प्रशासन सुंदरीकरण का काम शुरू करने से लंबे अरसे से किए गए कब्जे हटाने की तैयारी में है। इसको लेकर तीन विभागों और लोगों की मौजूदगी में 13 अक्तूबर को निशानदेही होने जा रही है। चिल्ली के आसपास किएकब्जे को लेकर 17 कब्जाधारियों को नोटिस जारी कर दिया गया है।
इन लोगों को भी निशानदेही में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा शनिवार से शहर में मुनादी करवाई जाएगी। अगर किसी को निशानदेही को लेकर आशंका है तो वह भी 13 अक्तूबर को शामिल हो सकता है। निशानदेही के दौरान जन स्वास्थ्य विभाग, नगर परिषद तथा सिंचाई विभाग के अधिकारी मौजूद रहेंगे।
2015 के दौरान 17 लोगों का मिला था कब्जा
चिल्ली के सुंदरीकरण को लेकर पहले भी प्रयास किए जा चुके हैं। 2008 और 2015 में निशानदेही करवाई गई थी। इस दौरान 17 लोग ऐसे मिले थे जिन्होंने लंबे समय से चिल्ली क्षेत्र की जमीन पर कब्जा कर रखा है। इस दौरान नगर परिषद की तरफ से इन्हें नोटिस भी दिया गया लेकिन कब्जे नहीं हटाए गए। अब नगर परिषद दोबारा से निशानदेही करवाने जा रहा है।
27 कनाल 7 मरले है जगह
नगर परिषद अधिकारियों के मुताबिक चिल्ली की कुल 27 कनाल 7 मरले जगह है। चिल्ली के सुंदरीकरण को लेकर जन स्वास्थ्य विभाग पाइप लाइन बिछाने के लिए 8.42 करोड़ रुपये का टेंडर कर चुका है। सिंचाई विभाग ने खुदाई के लिए टेंडर किया हुआ है। आखिर में नगर परिषद इसके सुंदरीकरण के काम को देखेगा।
सेटेलाइट से होगी निशानदेही
नगर परिषद को चिल्ली की निशानदेही के लिए करीब 15 हजार रुपये की फीस भी अदा करनी पड़ेगी। एजेंसी सेटेलाइट के जरिए सर्वे करेगी। जिसे टोटल सर्वे कहा जाता है। सेटेलाइट के जरिये पता लग जाएगा कि चिल्ली के आसपास कितने क्षेत्र में कब्जा किया हुआ है।
सीएम घोषणा में शामिल है प्रोजेक्ट
चिल्ली को झील बनाने का प्रोजेक्ट सीएम घोषणा में शामिल है। फिलहाल हालात यह हैं कि बरसाती, व सीवरेज का पानी चिल्ली में जा रहा है। यहां से पानी डंपिंग स्टेशन के द्वारा खैराती रोड एसटीपी भेजा जा रहा है। चिल्ली को झील बनाने के बाद ये पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो जाएगा।
चिल्ली की निशानदेही 13 को करवाई जा रही है। इसको लेकर शहर में मुनादी करवाई जाएगी कि अगर किसी को आशंका है तो वह निशानदेही के दौरान शामिल हो सकता है। इसके अलावा 17 लोगों को नोटिस जारी किया गया है ये वह लोग हैं जो कि पहले निशानदेही के दौरान कब्जाधारी पाए गए थे।
- अमित कौशिक, कार्यकारी अभियंता, जन स्वास्थ्य विभाग।