फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बच्चे हमारे समाज की नींव, उनका जागरूक होना जरूरी: एसपी

विज्ञापन
पुलिस की पाठशाला को संबोधित करते एसपी राजेश कुमार। - फोटो : Fatehabad
विज्ञापन
अमर उजाला की ओर से हिसार रोड स्थित डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्यातिथि एसपी राजेश कुमार रहे, जबकि अध्यक्षता स्कूल प्रिंसिपल अरुण शर्मा ने की। पाठशाला में विद्यार्थियों को यातायात के नियमों का पाठ पढ़ाया गया। वहीं, उनसे आह्वान किया गया कि वे अपने अभिभावकों को भी सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।
विज्ञापन

एसपी बोले - बाइक चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें
एसपी ने कहा कि बच्चे हमारे समाज की नींव होते हैं। वे देश का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें यातायात के नियमों की पूरी जानकारी होनी जरूरी है। बच्चे ही अभिभावकों को भी नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित कर सकते हैं। वाहन चलाते समय छोटी छोटी बातों की सावधानी हमें हादसों से बचा सकती है। वाहन चालक मोटरसाइकिल चलाते समय सिर पर हेलमेट जरूर पहनें और गाड़ी चलाने के दौरान सीट बेल्ट लगाने से लेकर सभी कागजात पूरे रखें। इससे वे सुरक्षित सफर कर सकेंगे।
एक साल में 95 लोगों ने गंवाई जान, नियमों की अनदेखी पड़ी भारी
ट्रैफिक पुलिस के एएसआई हेतराम ने कहा कि सड़क पर चलने से लेकर वाहन चलाने तक के लिए नियम बनाए गए हैं। इन नियमों की अनदेखी कई बार हादसों का कारण बन जाती है। उन्होंने बताया कि साल 2020 में 95 लोगों ने सड़क हादसों में जान गंवाई है। इनके कारण नियमों की अनदेखी ही रही है। इन 95 में से कई मामलों में तो चालक ने हेलमेट भी नहीं पहना हुआ था। हेलमेट पहनना बेहद जरूरी है, क्योंकि सिर की चोट जानलेवा होती है। हेलमेट पहनने से जान बच जाती है। बच्चे अपने परिवार के सदस्यों को बिना हेलमेट बाइक न चलाने दें, गाड़ी चलाते समय सीट बेल्ट जरूर पहनने के लिए कहें, आरसी, प्रदूषण प्रमाण पत्र सहित सभी कागजात पूरे रखने के लिए प्रेरित करें।
विज्ञापन

पुलिस से डरकर नहीं, जीवन बचाने के लिए करें नियमों का पालन
वहीं, डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल अरुण शर्मा का कहना था कि हमें पुलिस से डरकर नहीं, बल्कि जीवन बचाने के लिए यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। बहुत से लोग पुलिस को देखकर तो हेलमेट पहन लेते हैं, लेकिन बाद में गंभीरता नहीं दिखाते। इससे बहुत बार हादसे हो जाते हैं। हादसों को रोकना पुलिस के साथ आम नागरिक का भी कर्त्तव्य बनता है। स्कूली बच्चे यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सबसे अहम योगदान दे सकते हैं। इस मौके पर ट्रैफिक पुलिस प्रभारी सुखदेव सिंह, एसआई सुभाष, मंगतराम, पुलिस पीआरओ भीम सिंह के अलावा स्कूल के सभी स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें