फतेहाबाद। चाइल्ड हेल्प लाइन को भी अब डायल 112 से जोड़ दिया गया है। अब किसी भी तरह से पीड़ित बच्चे डायल 112 पर शिकायत करके मदद ले सकते हैं। हालांकि चाइल्ड हेल्प लाइन 1098 पर अभी जारी रहेगा। चाइल्ड हेल्प लाइन पर छेड़खानी, बाल विवाह, स्कूल में प्रताड़ित करते संबंधित शिकायतें आ रही हैं। इसके अलावा बच्चे चाइल्ड हेल्प लाइन पर पिता के शराब पीकर घर में मारपीट करने की शिकायतें कर रहे हैं।हालांकि जिले में अभी तक चाइल्ड हेल्प लाइन सेंटर शुरू नहीं हुआ है। इसको लेकर प्रक्रिया चल रही है। बाल संरक्षण अधिकारियों की माने तो एक माह में चाइल्ड हेल्प लाइन पर 10 से 12 शिकायतें आ रही हैं। इसमें पुलिस से संबंधित केसों को पुलिस विभाग और बाल संरक्षण से संबंधित शिकायतों को वह खुद निपटा रहे हैं।चाइल्ड हेल्प लाइन को लेकर बच्चे इतने जागरूक हो रहे हैं कि स्कूल में अगर बच्चे को शिक्षक ने पीटा है तो भी उसकी शिकायत की जा रही है।
चाइल्ड हेल्प लाइन पर अधिकतर शिकायतें स्कूल से संबंधित आ रही है। इसके अलावा पिता के घर पर झगड़ा करने पर मदद मांगी जा रही है। छेड़खानी संबंधित केस भी में शिकायतें की जा रही है। अगर बच्चे को छात्रवृत्ति नहीं मिली है तो भी यहां शिकायत की जा रही है। माता-पिता अगर कम उम्र में शादी का दबाव डाल रहे हैं तो भी यहां पर ही मदद मांगी जा रही है।
कोट
चाइल्ड हेल्प लाइन को भी डायल 112 से जोड़ दिया गया है। हालांकि 1098 भी चल रहा है। चाइल्ड हेल्प लाइन को लेकर बच्चे जागरूक हो रहे हैं। जो भी शिकायतें आती है उन्हें नियम अनुसार काउंसिलिंग करके समाधान किया जा रहा है।
- सुरजीत सिंह, बाल संरक्षण अधिकारी