फतेहाबाद में अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना का रिकॉर्ड जांच करते हुए अधिकारी संवाद
फतेहाबाद। लघु सचिवालय के पास स्थित सद्भावना अस्पताल में शुक्रवार दोपहर बाद सीएम फ्लाइंग की टीम ने निरीक्षण किया और रिकॉर्ड जांचा। हिसार सीएम फ्लाइंग की इंचार्ज सुनैना के नेतृत्व में अस्पताल परिसर पहुंची। टीम ने सिविल सर्जन कार्यालय से डॉ. सुशील और डॉ. जतिन भी शामिल रहे।
टीम ने पोर्टल पर दर्ज मरीजों का रिकॉर्ड का अस्पताल द्वारा मरीजों को दिए उपचार के रिकॉर्ड के साथ मिलान किया। उल्लेखनीय है कि आयुष्मान योजना को लेकर पूरे हरियाणा में जांच चल रही है। सीएम फ्लाइंग और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मिलकर अलग-अलग जिलों में अस्पतालों में रिकॉर्ड जांच रही है। जिले में 22 निजी अस्पताल आयुष्मान पैनल में शामिल हैं।
सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रदेश सरकार द्वारा पात्र परिवारों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध करवाया जाता है। सरकार के निर्देशानुसार आयुष्मान योजना के तहत सूचीबद्ध किसी भी अस्पताल द्वारा मरीज से इलाज के दौरान किसी प्रकार की नकद राशि लेना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
-
पोर्टल और अस्पताल के रिकॉर्ड का किया मिलान
सीएम फ्लाइंग और सिविल सर्जन कार्यालय के अधिकारियों ने अस्पताल में आयुष्मान योजना के तहत अब तक कितने मरीजों का उपचार किया गया है। आयुष्मान योजना के पोर्टल पर कितने मरीजों का डेटा चढ़ाया गया है। सीएम फ्लाइंग के अधिकारियों के अनुसार सरकार के पास शिकायतें पहुंच रही हैं कि आयुष्मान भारत योजना के तहत सरकार से भी राशि ली जा रही है और मरीजों से भी भुगतान करवाया जा रहा है।
-
मरीजों से पैसे वसूलने के आरोप
टीम को जांच के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने भी अस्पताल प्रशासन पर आरोप लगाए। फतेहाबाद के स्वामी नगर निवासी बबलू ने बताया कि पिता को उपचार के लिए भर्ती करवाया गया था। आयुष्मान कार्ड के बावजूद पैसे लिए गए। अस्पताल द्वारा 1 जनवरी 2026 से 17 अप्रैल 2026 तक करीब 1017 मरीजों का आयुष्मान योजना के तहत इलाज दिखाया गया है और सरकार से लगभग 1 करोड़ 57 लाख रुपये का क्लेम किया गया है। जांच कर रहे अधिकारियों का कहना है कि रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिलने के बाद टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अस्पताल के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।