हिसार। आर्य नगर स्थित गुरु दक्ष आईटीआई में शनिवार को आयोजित राज्य स्तरीय गुरु दक्ष जयंती समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हिसार के लिए कई घोषणाएं की। उन्होंने हिसार के साथ-साथ फतेहाबाद में कुम्हार धर्मशाला के लिए 2019 की नीति के तहत आधा एकड़ जमीन देने का एलान किया है।
सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि रणबीर गंगवा ने आपकी तरफ से सम्मान की जो पगड़ी सिर पर रखी है, इसे मैं कम नहीं होने दूंगा। इस सम्मान को बढ़ाने का काम करूंगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आर्य नगर में मुख्यमंत्री तीर्थ योजना के अंतर्गत अयोध्या धाम जाने वाले बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सीएम ने बस को रवाना करने से पहले उसमें सवार यात्रियों के पास जाकर उनका अभिनंदन किया। बस यात्रा के बारे में बातचीत की। प्रदेश सरकार की योजना के बारे में जानकारी भी दी। हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा ने कहा कि पहली बार हरियाणा प्रदेश की तरफ से गुरु दक्ष जयंती मनाई जा रही है। बीजेपी सरकार बनने के बाद सभी महापुरुषों की जयंती सरकारी स्तर पर करके मान बढ़ाने का काम किया है। इस सरकार में नौकरी के लिए कहीं नहीं जाना पड़ता। पिछली सरकारों ने हमसे भेदभाव किया, इस सरकार ने पूरा सम्मान दिया।