फतेहाबाद। शहर के शिवपुरी स्थित श्री दुर्गा आद्य शक्ति पीठ महाकाली मंदिर (मढ़ी) में चल रहे 57वें वार्षिक महाशिवरात्रि महोत्सव के तहत आयोजित भजन संध्या और धार्मिक कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर परिसर में भगवान शिव और माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया और श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।
इस अवसर पर वृंदावन स्थित देव देवी धाम की कथा वाचक राज राजेश्वरी देवी ने भगवान शंकर की भक्ति का महत्व बताते हुए कहा कि भगवान शिव की आराधना से मन को शांति और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा मुख्यातिथि के रूप में पहुंचे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मार्केट कमेटी के वाइस चेयरमैन इंद्र गावड़ी ने की। इस मौके पर पार्षद रमेश गिल्होत्रा, भाजपा मीडिया प्रभारी कंवल चौधरी, जिंदगी संस्था के प्रधान हरदीप सिंह, प्रमोद बजाज, शम्मी ढींगड़ा, नरेंद्र सरदाना, मदन मुटरेजा, मुकेश नारंग, गुलशन मुंजाल और अशोक खट्टर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रवीण जोड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि सनातन धर्म हमारी संस्कृति और परंपराओं की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में एकता और आध्यात्मिक जागरूकता का संदेश देते हैं। महाशिवरात्रि का पर्व हमें भगवान शिव के आदर्शों पर चलने और सच्चाई व सदाचार का मार्ग अपनाने की प्रेरणा देता है। भजन संध्या के दौरान भजन गायिका ममता माल्या और ईशा सरल ने भगवान शिव और माता के भजनों की मधुर प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए और पूरा मंदिर परिसर शिवमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भजनों का आनंद लेते हुए भक्ति में डूबकर भगवान का स्मरण किया।
महोत्सव के सफल आयोजन में मंदिर के संरक्षक पंडित चरणजीत शर्मा, प्रधान रामराज मेहता, हरबंस लाल वधवा, उपप्रधान संजय शर्मा, सचिव प्रवीण आहूजा, कैशियर मनोहर लाल हंबीरिया, सन्नी शर्मा, महेंद्र मदान, राजकुमार मदान, गगन शर्मा, गौरव शर्मा और भूपेंद्र शर्मा सहित मंदिर समिति के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। मंदिर समिति के अनुसार महाशिवरात्रि महोत्सव का समापन 15 फरवरी, रविवार को दोपहर में विशेष पूजा-अर्चना और विशाल भंडारे के साथ किया जाएगा। समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने का आह्वान किया। महोत्सव के चलते मंदिर परिसर में लगातार श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है और पूरा क्षेत्र शिव भक्ति के रंग में रंगा हुआ है।