फतेहाबाद। शहर की नई सब्जी मंडी में मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री उड़नदस्ता हिसार की टीम ने छापा मारा।सुबह करीब 8 बजे शुरू हुई यह कार्रवाई देर शाम तक जारी रही। इस दौरान मंडी की दुकानों के रिकॉर्ड, लाइसेंस और संचालन व्यवस्था की जांच की गई।
कार्रवाई के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं जिनमें बिना लाइसेंस दुकान संचालन, आवंटित दुकानों के स्थान पर अन्य स्थानों से व्यापार और रिहायशी चौबारों का उपयोग शामिल रहा। सीएम फ्लाइंग टीम का नेतृत्व डीएसपी विक्रमजीत सिंह भादू ने किया। निरीक्षण के दौरान मार्केट कमेटी बरवाला के सचिव मनदीप राणा तथा मार्केट कमेटी फतेहाबाद के सचिव अमित रोहिल्ला की संयुक्त टीम भी मौजूद रही।
टीम ने मंडी परिसर का निरीक्षण करते हुए कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं और दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि कई दुकानदार अपनी आवंटित दुकानों के बजाय अन्य स्थानों से कारोबार कर रहे थे। जैसे ही कार्रवाई शुरू हुई कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से चले गए।
निरीक्षण के दौरान चार फर्मों पर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाए जाने की बात सामने आई। इस कार्रवाई पर एक दुकानदार ने विरोध जताते हुए कहा कि पक्की बही में एंट्री दर्ज होने के बावजूद जुर्माना लगाया जा रहा है जो उचित नहीं है। हालांकि अन्य दुकानदारों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया।
मार्केट कमेटी सचिव अमित रोहिल्ला ने स्पष्ट किया कि कच्चा बिल जारी करने पर उच्च न्यायालय की ओर से रोक लगी हुई है इसलिए सभी व्यापारियों को पक्का बिल जारी करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि यदि व्यापारी पक्का बिल प्रस्तुत करते हैं तो किसी प्रकार की पेनल्टी नहीं लगाई जाएगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे के बाद संयुक्त टीम मार्केट कमेटी कार्यालय पहुंची जहां रिकॉर्ड का सत्यापन और दस्तावेजों की जांच की गई। इस दौरान कई महत्वपूर्ण कागजात भी खंगाले गए और आगे की कार्रवाई के लिए रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
-
टीम को सूचना मिली थी कि सब्जी मंडी में काफी अनियमितताएं हो रही हैं। उनकी जांच के लिए बरवाला मार्केट कमेटी के सचिव मनदीप राणा को सक्षम अधिकारी नियुक्त करवाया गया। टीम अभी जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।
- विक्रमजीत सिंह भादू, डीएसपी