ठगी करने के लिए शातिर ठग अलग-अलग पैंतरों का इस्तेमाल कर रहे हैं। एसपी के नाम पर अब ठगी करने का मामला सामने आया है। गन लाइसेंस निकलवाने के नाम पर एक व्यक्ति ने खुद को एसपी का करीबी बताकर 20 हजार रुपये ऐंठ लिए। मामला जब एसपी के पास पहुंचा तो एक बार खुद एसपीभी हैरान हो गए। एसपी ने शहर थाना को मामला दर्ज करने के आदेश दिए। वीरवार शाम को ठाकर बस्ती निवासी दिपेश सोनी की शिकायत पर आरोपी गांव किरढ़ान निवासी महेंद्र सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
इसकी पुष्टि डीएसपी दलजीत बैनीवाल ने की है। आरोपी महेंद्र सिंह की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने शहर थाना की अलग-अलग टीमें गठित की हैं। देर शाम तक पुलिस टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी। मामले के मुताबिक ठाकर बस्ती निवासी दिपेश को बंदूक का लाइसेंस बनवाना था। इसको लेकर गांव किरढ़ान निवासी महेंद्र सिंह से संपर्क हुआ। महेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस अधीक्षक उसका करीबी है और वह उसका लाइसेंस निकलवा देगा लेकिन इसके लिए खर्चा देना होगा। बंदूक लाइसेंस निकलवाने के लिए रुपये देने के लिए दिपेश तैयार हो गया। दिपेश सोनी ने महेंद्र सिंह को 10 जून को 20 हजार रुपये दे दिए। जब शाम को महेंद्र सिंह से पूछा तो वह टालमटोल करने लग गया। मामले को लेकर दिपेश पुलिस अधीक्षक के पास पहुंच गया। इसके बाद मामले का खुलासा हुआ।
साहब पैसे दे दिए अब तो बना दो, एसपी हैरान :
बुधवार शाम को शिकायतकर्ता दिपेश सोनी ने एसपी से संपर्क किया। दिपेश ने कहा कि अब तो रुपये पहुंच गए हैं इसलिए गन लाइसेंस बना दे। बात सुनकर एसपी हैरान हो गए और उन्होंने तुरंत रुपये लेने वाले आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने के आदेश दिए।
शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। शहर पुलिस की टीमें मामले में जांच करने में जुटी हैं। - दलजीत बैनीवाल, डीएसपी, फतेहाबाद।
मेरे पास शिकायत आई थी कि कोई मुझे अपना जानकार बताकर शस्त्र लाइसेंस के रुपये मांग रहा है। इसके बाद मैंने शहर थाना को मामला दर्ज करने के आदेश दिए हैं। - राजेश कुमार, एसपी, फतेहाबाद।