फतेहाबाद। मौसम में बदलाव और बढ़ते वायु प्रदूषण का असर अब लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। ठंडक बढ़ने और हवा में प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्थिति में पहुंचने से खांसी, जुकाम, सांस लेने में परेशानी और अस्थमा के मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
सिविल अस्पताल मोहाली में सांस संबंधी समस्याओं को लेकर पहुंचने वाले मरीजों की ओपीडी में इजाफा हुआ है। नागरिक अस्पताल में रोजाना करीब 100 मरीज सांस संबंधी दिक्कतों के चलते ओपीडी में पहुंच रहे हैं, जबकि 10 से 15 मरीजों को प्रतिदिन इमरजेंसी में उपचार देना पड़ रहा है।
प्रदूषण और तापमान में गिरावट का सबसे ज्यादा असर अस्थमा के मरीजों, बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के बारीक हानिकारक कण सांस की नलियों में पहुंचकर सूजन और जलन पैदा कर सकते हैं। वहीं, ठंडी हवा के संपर्क में आने से सांस की तकलीफ और बढ़ सकती है। ऐसे में पहले से सांस संबंधी बीमारी से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
डॉक्टर ने दी सावधानी बरतने की सलाह
नागरिक अस्पताल के डॉ. कार्तिक जिंदल ने बताया कि प्रदूषण बढ़ने और मौसम में ठंडक आने के कारण अस्थमा व सांस संबंधी बीमारियों के मरीजों की परेशानी बढ़ रही है। ऐसे मौसम में मरीजों को अपनी सेहत को लेकर लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। अस्थमा के मरीज अपनी दवाएं और इनहेलर नियमित रूप से इस्तेमाल करें। डॉक्टर की सलाह के बिना दवाएं बंद न करें। बाहर निकलते समय मास्क का इस्तेमाल करें और धूल, धुएं व ठंडी हवा के सीधे संपर्क में आने से बचें। सुबह और शाम के समय ठंड व प्रदूषण का असर अधिक महसूस हो सकता है, इसलिए इस दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से प्रदूषण वाले वातावरण से दूर रखें। यदि किसी व्यक्ति को लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी या सीने में जकड़न महसूस हो तो इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज न करें और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
ये सावधानियां बरतें
सुबह और शाम ठंड के समय बाहर निकलने से बचें, प्रदूषण के बीच बाहर जाते समय अच्छी फिटिंग वाला मास्क पहनें। अस्थमा के मरीज इनहेलर और दवाएं नियमित रूप से लें, बच्चों और बुजुर्गों को धूल, धुएं और प्रदूषण से दूर रखें। घर में धूम्रपान, अगरबत्ती और अन्य धुएं से बचें, सांस लेने में परेशानी या सीने में जकड़न होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।