फतेहाबाद का नागरिक अस्पताल। संवाद
- फोटो : नुक्कड़ नाटक पेश करते कलाकार।
फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ओपीडी के समय में बदलाव किया जा रहा है। यह बदलाव 16 अप्रैल से प्रभावी होगा, जिसके तहत अब ओपीडी सुबह 9 बजे के बजाय एक घंटा पहले, यानी सुबह 8 बजे से शुरू होगी। स्वास्थ्य विभाग ने यह निर्णय गर्मी के मौसम के चलते लिया है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, नई समय सारणी के तहत अब नागरिक अस्पताल में ओपीडी सुबह 8 से लेकर दोपहर 2 बजे तक जारी रहेगी। इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य गर्मी के दिनों में मरीजों को राहत पहुंचाना है, ताकि उन्हें तेज धूप और गर्मी में अस्पताल पहुंचने और लंबी प्रतीक्षा करने की असुविधा न हो। सुबह के अपेक्षाकृत ठंडे मौसम में मरीजों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल तक पहुंचने में आसानी होगी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ओपीडी के समय में बदलाव करने से मरीजों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा सकेंगी। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे 16 अप्रैल से लागू होने वाली नई समय सारणी के अनुसार अस्पताल पहुंचकर परामर्श लें और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं। यह परिवर्तन आगामी आदेशों तक तक प्रभावी रहेगा।
सुबह साढ़े 7 बजे से कटेगी पर्ची
- 16 अप्रैल से नागरिक अस्पताल के समय में होने वाले बदलाव के कारण ओपीडी पर्ची सुबह साढ़े सात बजे कटनी शुरू होगी। जिससे मरीजों का समय बचेगा।
ग्रीष्मकालीन को लेकर ओपीडी का समय 16 अप्रैल से बदल रहा है। ओपीडी सुबह 8 बजे शुरू हो जाएगी और दोपहर 2 बजे तक चलेगी।
- डॉ. बुधराम, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, फतेहाबाद