गांव चांदपुरा में जानकारी देते हुए ग्रामीण।
जाखल। गांव चांदपुरा में करीब 17 वर्षों से लोगों की परेशानी का कारण बनी जलभराव की समस्या का आखिरकार स्थायी समाधान हो गया है। गुरुद्वारा साहिब के सामने स्थित मुख्य चौक में बरसात के दौरान हर साल भरने वाले पानी से अब ग्रामीणों को राहत मिल गई है। करीब 25 लाख रुपये की लागत से सीवर लाइन बिछाने और चौक का पुनर्निर्माण किए जाने के बाद बरसाती पानी की निकासी सुचारु हो गई है। इस पर ग्रामीणों ने कहा कि ग्राम पंचायत और सरपंच अमरीक ग्रेवाल की मेहनत रंग लाई है।
ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के दिनों में गुरुद्वारा चौक में एक फुट से अधिक पानी जमा हो जाता था। इससे पैदल राहगीरों के साथ-साथ दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती थी। स्कूल बसों को भी यहां से निकलने में दिक्कत आती थी। सबसे अधिक परेशानी गुरुद्वारा साहिब में आने वाली संगत को उठानी पड़ती थी, क्योंकि जलभराव के कारण चौक से गुजरना मुश्किल हो जाता था।
सरपंच अमरीक ग्रेवाल ने बताया कि गुरुद्वारा चौक गांव का सबसे संवेदनशील स्थान था, जहां लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई थी। इसके स्थायी समाधान के लिए सबसे पहले सीवर लाइन बिछाकर उसे गांव के बाहर स्थित जोहड़ से जोड़ा गया। इसके बाद करीब एक हजार वर्ग फुट क्षेत्र में इंटरलॉकिंग टाइलें बिछाकर चौक का निर्माण कराया गया। इससे बरसाती पानी की निकासी की व्यवस्था बेहतर हुई है और लोगों का आवागमन भी सुगम हो गया है।
-
ग्राम सचिव अमनदीप ने बताया कि इस परियोजना पर करीब 25 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। सीवर लाइन और निकासी व्यवस्था दुरुस्त होने से बरसात के दौरान चौक में पानी जमा होने की समस्या समाप्त हो गई है। ग्राम पंचायत का कहना है कि ग्रामीणों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए गांव में अन्य विकास कार्य भी चरणबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे।