सुरक्षा के लिए तैनात फतेहाबाद पुलिस की तीसरी आंख में खराबी आ गई है। कुछ समय पहले शहर के कुछ समाजसेवियों की बदौलत शहर पुलिस ने थाना रोड पर दो-तीन सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे, ताकि इस रोड पर होने वाली किसी भी घटना के बारे में पूरी जानकारी मिल सके। इसके लिए बाकायदा इन कैमरों का कनेक्शन सिटी थाने के अंदर लगाई गई एलसीडी से जोड़ा गया। लेकिन पिछले लंबे समय से फव्वारा चौक के कैमरे तो बंद हो चुके हैं और पार्किंग स्थल के पास लगाया कैमरा गायब है। अब हालत ये हो गई है कि शहर में कोई भी वारदात होती है, तो पुलिस आस-पास निजी संस्थानों के कैमरे तलाशती है। अगर किसी में सीसीटीवी मिल जाए, तो गनीमत नहीं तो केस सुलझाने में महीनों लग जाता है। आंकड़े बोलते हैं कि पिछले दिनों में पुलिस ने जितने भी केस सुलझाएं हैं, उनमें निजी संस्थानों के सीसीटीवी कैमरों की बड़ी भूमिका रही है।
बजट को रोता है प्रशासन, सांसद के प्रस्ताव पर एक कदम भी नहीं
शहर भर में सीसीटीवी लगाने की घोषणा तो सालोंसाल से की जाती रही है, लेकिन अभी तक प्रशासन इस दिशा में एक कदम भी आगे नहीं बढ़ सका है। सालाना करोड़ों रुपये खर्च करने वाला जिला प्रशासन सीसीटीवी कैमरों का जिक्र आते ही बजट की कमी का रोना लेकर बैठ जाता है। लेकिन हैरत की बात तो ये है कि प्रशासन की इस समस्या का समाधान भी सिरसा के सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी ने कर दिया, लेकिन कागजी कार्यवाही करने में भी प्रशासन को पसीने आ रहे हैं। दरअसल बीते दिनों अधिकारियों के साथ बैठक में सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों से कहा कि वे सीसीटीवी कैमरों के लिए विशेष ग्रांट देने को तैयार हैं, बस प्रशासन सीसीटीवी लगाने की लोकेशन और एस्टीमेट बनाकर भेज दे। लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों से अभी तक ये जगहें फाइनल नहीं हुई हैं कि शहर में कहां-कहां सीसीटीवी लगाए जा सकते हैं।
विधायक पहले ही उठा चुके हैं आवाज
फतेहाबाद के विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया इस बाबत पहले ही आवाज उठा चुके हैं। लगभग चार माह पहले विधायक ने जिला प्रशासन के मुखिया डीसी को ज्ञापन सौंपकर शहर में तकरीबन 15 जगह पर सीसीटीवी लगाने की मांग रखी थी। डीसी ने उस वक्त आश्वासन तो दे दिया, लेकिन उस आश्वासन को अमलीजामा आज तक नहीं पहनाया जा सका।
इन जगहों पर पहले लगे हैं निजी सीसीटीवी
फतेहाबाद में अनाजमंडी के गेटों पर सीसीटीवी लगाए गए हैं। लेकिन वो प्रशासन की बजाए व्यापार मंडल ने अपने कोष से लगवाए हैं। बस स्टैंड पर सीसीटीवी लगाने की पावर अब रोडवेज जीएम के हाथ में आ गई है, तो उन्होंने भी इस दिशा में काम करना शुरू कर दिया है। इसके अलावा सरकारी अस्पताल का भूतल, सचिवालय वन, कोर्ट कॉम्पलेक्स आदि में सीसीटीवी लगाए गए हैं, लेकिन ये सभी वो इमारतें हैं, जिनमें अधिकारी खुद बैठते हैं। आम आदमी के आने-जाने की जगह पर अभी तक कोई सीसीटीवी नहीं लगा है।
इन जगहों पर सीसीटीवी लगाने की उठती रही है मांग
1. थाना रोड
2. जवाहर चौक
3. एमसी कालोनी मोड़
4. चार मरला मार्केट
5. फव्वारा चौक
6. रतिया चुंगी
7. सिरसा रोड चुंगी
8. हिसार रोड चुंगी
9. एमएम कालेज के पास
10. गल्र्ज कालेज एवं स्कूल के पास
11. धर्मशाला रोड
12. बीघड़ मोड़
13. जगजीवनपुरा चौक
14. डीएसपी रोड़
15. लघु सचिवालय खंड दो
हाल की इन वारदातों में सीसीटीवी की रही बड़ी भूमिका
केस नंबर 1
लगभग दो माह पहले जीटी रोड पर आंध्रा बैंक के बाहर खड़ी अनिल मेहता की गाड़ी से अज्ञात लोग एक लाख रुपये उड़ा ले गए थे। उस वक्त पास की दुकान में लगे सीसीटीवी से आरोपियों की पहचान हुई, जिसके आधार पर आरोपियों को धर-दबोचा गया।
केस नंबर दो
चार मरला कॉलोनी में कई स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले अपराधियों को पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से शिनाख्त कर काबू किया था।
केस नंबर तीन
बीते दिनों स्थानीय एमसी कालोनी में एक महिला सोनल नारंग से चेन छीन कर भाग रहे युवकों की पहचान स्थानीय पार्षद श्वेता बाघला टुटेजा एवं पूर्व पार्षद सुमन बाला मेहता के घर के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज मिलने के दो दिन के भीतर पुलिस अपराधियों तक पहुंच गई। इस मामले में एक स्थानीय ज्वेलर्स का बेटा भी शामिल पाया गया था।
केस नंबर 4
बीते दिन यूनियन बैंक और इलाहाबाद बैंक से लगभग सवा तीन लाख रुपये निकालकर लाल बत्ती चौक पर एक दुकान में कुल्फी खाने बैठी महिला का पर्स दो अज्ञात युवक लेकर फरार हो गए। आईजी और पुलिस विभाग ने उनकी तस्वीर जारी कर दी है। ये तस्वीर भी पुलिस को सीसीटीवी कैमरों से ही मिली है। पुलिस अब दावा कर रही है कि जल्द ही आरोपियों को धर-दबोचा जाएगा।
ग्रांट देने को तैयार, प्रशासन से प्रपोजल का इंतजार : सांसद
मैने फतेहाबाद जिला और पुलिस प्रशासन को साफ तौर पर बता दिया था कि सीसीटीवी लगाने के लिए मैं ग्रांट देने को तैयार हूं, मुझे प्रपोजल एवं एस्टीमेट भेज दें, ताकि इस दिशा में काम शुरू हो सके। लेकिन अभी तक न तो प्रपोजल मिला है और न ही एस्टीमेट। अभी तक ये लिस्ट भी नहीं मिली है कि कहां पर सीसीटीवी लगाए जाने सही रहेंगे।
सरदार चरणजीत सिंह रोड़ी, सांसद, सिरसा।
सीसीटीवी लगवाने के लिए कर रहे सर्वे : एएसपी
पुलिस प्रशासन क्राइम को रोकने के लिए सीसीटीवी लगवाने के लिए प्रतिबद्ध है। सांसद महोदय के आदेशानुसार ही हम शहर में विभिन्न जगहों का सर्वे कर रहे हैं, ताकि उन जगहों पर सीसीटीवी लगवाने का प्रपोजल भेज सकें जहां पर पुलिस को सबसे अधिक मदद मिल सके। उम्मीद है कि बहुत जल्द ये प्रपोजल भेज दिया जाएगा।
गंगाराम पूनियां, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, फतेहाबाद ।