फतेहाबाद। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) बारहवीं की ऑन-स्क्रीन मार्किंग के लिए सेंटर स्थापित किए गए हैं। अलग-अलग विषयों के लिए अलग सेंटर बनाए गए है। नाम न छापने की शर्त पर शिक्षकों ने बताया कि रविवार को उन्हें मार्किंग के लिए सुबह 8 बजे बुलाया गया लेकिन पोर्टल साढ़े 10 बजे शुरू हुआ जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।
इन सेंटरों में उत्तर पुस्तिकाओं की ऑनलाइन ऑन-स्क्रीन मार्किंग के लिए शिक्षकों को रविवार व 14 अप्रैल छुट्टी वाले दिन भी ड्यूटी पर बुलाने से रोष बना हुआ है। सीबीएसई 12वीं कक्षा की परीक्षा 17 फरवरी से 10 अप्रैल तक संपन्न हो चुकी है। इस बार सीबीएसई ने 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं की ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम शुरू किया है।
हालांकि 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के लिए ऑफलाइन मार्किंग ही रहेगी। 12वीं कक्षा के हर छात्र की सभी विषयों की उत्तरपुस्तिका के हर पन्ने को परीक्षा केंद्र में ही स्कैन करके कंप्यूटर सिस्टम में अपलोड किया जाता है। इसके बाद सीबीएसई पोर्टल पर शिक्षकों ऑनलाइन इन उत्तर पुस्तिकाओं की जांच करके उन्हें नंबर जारी करते हैं। इसके आधार पर ही परिणाम घोषित होगा।
-
जिले में स्थापित सेंटर
जिला में सीबीएसई 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं की ऑन स्क्रीन मार्किंग सिस्टम के लिए सेंटर बनाए गए हैं। इसके तहत जाखल में हिंदी व इकोनॉमिक्स व टोहाना में गणित विषय सेंटर बनाए गए है। फतेहाबाद में अन्य विषयों की उत्तर पुस्तिकाओं की ऑनलाइन जांच के लिए सेंटर बनाया गया है।
दूर लगाई ड्यूटी, 2 से 3 घंटे पहले बुलाने पर शिक्षकों में रोष
ऑन-स्क्रीन मार्किंग करने वाले शिक्षकों का आरोप है कि उनकी ड्यूटियां दूर-दराज सेंटरों में लगाई गई है। उन्हें रविवार व विशेष दिवस पर होने वाले अवकाश पर भी सेंटर पर सुबह 8 बजे बुला लिया जाता है लेकिन सीबीएसई पोर्टल पर काम सुबह 10 बजे शुरू होता है। इसके अलावा लाइट न होने पर पोर्टल बंद हो जाता है और उनके अब की गई मार्किंग का काम अधूरा रह जाता है। इससे शिक्षकों में भारी रोष है। उन्होंने प्रशासन से डयूटी नजदीक सेंटर पर लगाने व सेंटरों पर बिजली की व्यवस्था करने की मांग की है।
-
रविवार होने के कारण पोर्टल देरी से चला था। बाकी सब सामान्य है।
-सुनीता मदान, नोडल अधिकारी।