फतेहाबाद। सीबीएसई की दसवीं कक्षा की परीक्षाएं बुधवार को समाप्त हो गईं हैं। सीबीएसई की दसवीं कक्षा की बुधवार को कंप्यूटर एप्लीकेशन और आईटी विषय की परीक्षा हुई। परीक्षा के लिए जिले में सीबीएसई ने 14 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। दसवीं कक्षा के करीब 3,800 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। हालांकि बारहवीं कक्षा की परीक्षाएं दो अप्रैल तक जारी रहेंगी। जिले में करीब 3,500 विद्यार्थी बारहवीं कक्षा की परीक्षा दे रहे हैं।
हरियाणा बोर्ड बारहवीं की विद्यार्थियों ने दी परीक्षा
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की कक्षा दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं जारी हैं। बुधवार को बारहवीं कक्षा की राजनीति विज्ञान विषय की परीक्षा हुई। जिले के 64 केंद्रों पर ये परीक्षा हुई। परीक्षा के लिए फतेहाबाद उपमंडल में 31, टोहाना में 24 और रतिया में 9 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में चेकिंग के लिए बोर्ड ने तीन प्रश्नपत्र उड़नदस्तों का गठन कर रखा है। अधिकारियों के मुताबिक बुधवार को जिले में यूएमसी नहीं बनी है।
-
बोर्ड की परीक्षाएं जारी हैं। जिले में परीक्षाएं शांतिपूर्वक ढंग से चल रहीं हैं। अभी कोई यूएमसी नहीं बनी है।
- संगीता बिश्नोई, जिला शिक्षा अधिकारी, फतेहाबाद।