जाखल। गांव म्योंद कलां में एक मनी ट्रांसफर की दुकान से चोर दिन दहाड़े करीब सवा लाख रुपये चोरी करके ले गए। जब दुकानदार ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो वह अपनी बाइक वहीं छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने शिकायत के बाद मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में दुकानदार राहुल ने बताया कि दुकान के अंदर का दरवाजा बंद कर कुछ समय के लिए पास में स्थित अपने पिता की दुकान पर गया था वापस आया तो दुकान में एक युवक को घुसा हुआ देखा। इस पर उसको पकड़ने का प्रयास किया लेकिन बाइक वहीं पर छोड़कर वह फरार हो गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि दुकान से चोर 1.20 लाख रुपये चोरी करके ले गए। चोर की तलाश के लिए उन्होंने आस पास दुकानों पर लगे सीसीटीवी चेक किए तो उसमें बाइक पर दो युवक आते नजर आ रहे हैं जबकि दुकान पर इस घटना को एक युवक ने अंजाम दिया है। सीसीटीवी फुटेज में चोर नजर आ रहा है लेकिन उसका मुंह कपड़े से ढके होने से अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है।