फतेहाबाद। शहर के सिरसा रोड पर स्थित एक होटल के कर्मचारी पर होटल से नकदी और मोबाइल फोन चोरी करने का आरोप लगा है। पुलिस ने होटल के मालिक निरंजन कुमार उर्फ बंटी शर्मा की शिकायत पर कर्मचारी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर की रतिया कॉलोनी निवासी निरंजन कुमार उर्फ बंटी शर्मा ने पुलिस को शिकायत दी। इसमें बताया कि उन्होंने सिरसा रोड पर स्थित दिल्ली वाला अस्पताल के ऊपर अपना होटल खोला है। कुछ दिनों से उनकी तबीयत खराब थी। इस कारण वह होटल पर नहीं आ सके।
कुछ दिन बाद जब वह 28 अप्रैल को होटल पर पहुंचे तो देखा कि कमेटी से मिले 15,000 रुपये, पांच दिन का होटल का कैश और एक मोबाइल फोन चोरी हो चुका है। स्टाफ से पूछने पर पता चला कि होटल का कर्मचारी प्रभु नकदी और फोन ले गया है।
जब उन्होंने आरोपी प्रभु से फोन पर बात की तो उसने कहा कि उसके नाना की तबीयत खराब है। इसलिए वह गांव चला गया है। कई दिन तक इंतजार करने के बाद भी वह ड्यूटी पर नहीं लौटा। इसलिए उन्होंने पुलिस को शिकायत दी है।