फतेहाबाद। शहर के हंस कॉलोनी में चोरों ने पीडब्ल्यूडी के सेवानिवृत कर्मचारी के घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवर और नकदी चुरा ली। घटना के दौरान परिवार शादी समारोह में गया हुआ था। मामले को लेकर शहर थाना में शिकायत दी गई है। मामले में पुलिस ने हंस कॉलोनी निवासी बलवान सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में बलवान सिंह ने बताया कि वह पीडब्ल्यूडी से सेवानिवृत है। 26 जनवरी को पत्नी के साथ घर को ताला लगाकर जींद में आयोजित शादी समारोह में गया था। 31 जनवरी को पड़ोसी ने बताया कि मेन गेट का ताला टूटा हुआ है। जब घर आकर देखा तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ था और घर का सामान बिखरा था। सूटकेस में रखी 60 हजार रुपये की नकदी, चार सोने की अंगूठियां, पुत्रवधू की सोने की गंठी, सोने की नोजपिन और करीब 25 तोले चांदी के जेवर चोर चुराकर ले गए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।