फतेहाबाद। महिला ब्लॉक समिति सदस्य और उसके पति पर हमला करने के आरोप में सदर थाना पुलिस ने एक ही परिवार के पांच महिलाओं सहित आठ आरोपियों पर केस दर्ज किया है। इस मामले में पुलिस को दी शिकायत में ब्लॉक समिति सदस्य लखपति ने बताया था कि 27 अप्रैल की सुबह वह अपनी ढाणी में अपने पति सुलेंद्र के साथ खेत के मंडेर की सफाई कर रहे थे तो गांव बीघड़ निवासी राखी देवी उसके पति के पास आकर कहने लगी कि इस मंडेर की सफाई न करो।
इसके बाद राखी देवी का बेटा दलीप व भूपसिंह आए और थोड़ी देर में दलीप का बेटा और दो बेटी व पत्नी रानी और भूप सिंह की पत्नी सीता भी आ गए। उन्होंने उसके पति के साथ हाथापाई करनी शुरू कर दी। यह देख कर मैं भी अपनी ढाणी से पति के पास आ गई। दलीप सिंह के हाथ में गंडासी थी और भूप सिंह के पास लोहे की पाइप थी, वह मेरे पति को पीटने लगे। इतने में बाकी सभी ने भी उसके पति पर हमला कर दिया। मैंने बीचबचाव किया तो भूप सिंह ने अपने हाथ में ली लोहे की पाइप हाथ पर मारी। दलीप सिंह ने कमर व दाहिने हाथ के बाजू पर गंडासी के डंडे से चोटें मारी। भूप सिंह की दोनों बेटियों और उसकी पत्नी तथा दलीप की पत्नी ने मुझे थप्पड़-मुक्के मारे। दलीप के बेटे ने भी उसे व उसके पति को डंडे मारे। झगड़े को देखकर गांव ढांड निवासी राजबीर मौके पर आया, उसने इन सभी से उन्हें छुड़वाया। इसके बाद दोनों पति-पत्नी को नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में दाखिल करवाया गया। जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
सदर थाना पुलिस ने दलीप, भूपसिंह, उनकी मां राखी देवी, दलीप की पत्नी रानी देवी, भूपसिंह की पत्नी सीता देवी और दलीप के बेटे व भूपसिंह की दो बेटियों सहित आठ लोगों पर केस दर्ज कर लिया है।