टोहाना (फतेहाबाद)। शहर के रेलवे रोड स्थित भाखड़ा नहर में शनिवार सुबह एक होंडा सिटी कार गिर गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला और गोताखोरों की टीम को बुलाकर नहर में सर्च अभियान चलाया तो कार से करीब 50 मीटर की दूर पंजाब के संगरूर जिले के लहरागागा निवासी गगनदीप का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भेज दिया।
जानकारी के अनुसार कुछ लोगों ने शहर के दमकौरा रोड स्थित भाखड़ा नहर में एक होंडा सिटी कार गिरी देखी तो पुलिस को सूचना दी। प्रत्यक्षदर्शी लोगों के अनुसार शनिवार अल सुबह कार नहर की रेलिंग को तोड़ते हुए 25 फुट नीचे नहर में जा गिरी। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को बाहर निकलवाया और गोरक्षा दल नवजोत ढिल्लों की टीम की मदद से शव की तलाश करवाई। गोताखोरों को कार से करीब 50 मीटर दूर एक शख्स का शव मिला। मृतक के पास मिले आई कार्ड से उसकी पहचान पंजाब के संगरूर जिले के लहरागागा निवासी 30 वर्षीय गगनदीप के रूप में हुई। पुलिस ने पड़ताल की तो पता चला कि मृतक बठिंडा में वीजा कंसल्टेंसी का कार्य कर रहा था और टोहाना के भाटिया नगर में रहता था। टोहाना शहर थाना प्रभारी बलवान सिंह ने बताया कि मृतक के पिता, माता, बहनों व बहनोई के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है।