फतेहाबाद -भूना मार्ग पर हादसे के बाद क्षतिग्रस्त हुई गाड़ी व ट्रक।
- फोटो : Fatehabad
भूना। फतेहाबाद-भूना मार्ग पर गांव जांडली खुर्द के पास बुधवार की सुबह धुंध में ओवरटेक करते समय ट्रक एवं कार की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। जिसमें कार चालक और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें फतेहाबाद में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह करीब नौ बजे धुंध में सामने से आ रहे एक अन्य वाहन को ओवरटेक करते समय कार व ट्रक की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इससे कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। कार चालक अजय कुमार ने बताया कि उसकी बहन की शादी कुछ दिन पहले कैथल के पास हुई थी। उसे लेने के लिए वह पत्नी पूनम के साथ सुबह अपने गांव ढाणी मियांखा से कैथल जा रहा था। इस दौरान गांव जांडली के पास अचानक उनके सामने एक ट्रक आ गया और धुंध के चलते उनकी टक्कर ट्रक से हो गई। इस घटना में अजय व उनकी पत्नी पूनम को चोटें आई हैं। हादसे के बाद सड़क पर लोगों ने दंपती को कार से बाहर निकाल कर उपचार के लिए फतेहाबाद पहुंचाया। इनमें अजय कुमार की हालत गंभीर बताई गई है। हादसे की सूचना मिलते ही एएसआई विजय कुमार बसेरा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। एडिशनल एसएचओ रमेश कुमार ने बताया कि घायल अजय कुमार की बहन की शादी कुछ दिन पहले कैथल में हुई थी और अब अजय और उसकी पत्नी कार में सवार होकर कैथल में अपनी बहन को लेने जा रहे थे लेकिन रास्ते में उनकी कार की टक्कर ट्रक से हो गई।