फतेहाबाद के दिल्ली - डबवाली नेशनल हाइवे की सर्विस रोड पर खड़े ओवरलोड वाहन।
फतेहाबाद। जिले से होकर गुजरने वाले दिल्ली-डबवाली राष्ट्रीय राजमार्ग के संपर्क रोड पर ट्रैक्टर-ट्राॅली और अन्य भारी वाहनों का कब्जा हो गया है। इन ओवरलोड वाहनों के संपर्क मार्ग पर खड़े होने के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। वहीं रात के समय में हाईवे और संपर्क मार्गों पर बिना रिफ्लेक्टर और बैक लाइट के खड़े ओवरलोड वाहनों से अन्य वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
इस पर यातायात प्राधिकरण ने भी कई बार कार्रवाई भी की है, लेकिन फिर भी वाहन चालक यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। गौरतलब है कि कोहरे का सीजन आने पहले से जिला प्रशासन व यातायात प्राधिकरण ने वाहन चालकों को जागरूक करने में कसर नहीं छोड़ी है। पुलिस ने रात के समय में चलने वाले ट्रैक्टर-ट्राॅली पर रिफ्लेक्टर लगाए हैं। इसके अलावा हाईवे और संपर्क मार्गों पर खड़े रहने वाले ओवरलोड वाहन चालकों के खिलाफ अभियान भी चलाया है। शुक्रवार से जिले में कोहरा और धुंध फिर से छाने लगा है। ऐेसे में सड़क किनारे खड़े तूड़े व पराली की गांठों से लदे वाहन हादसों का सबब बन सकते हैं।
ओवरलोडिंग के कारण वाहनों को धीमी गति से चलाना पड़ता है। दूसरे वाहन को ओवरटेक करने में भी समस्या आती है। इससे पहले ही लोग बेहद परेशान हैं। इसके साथ ही शहर के रतिया रोड, भूना रोड, भट्टू रोड, हाईवे, समेत अन्य मार्गों पर रात के समय तूड़े व पराली की गांठों से भरे ओवरलोड वाहन बिना किसी डर के फर्राटे भर रहे हैं।
समय-समय पर की जाती है चेकिंग और चालान
ट्रकों या ट्राॅलियों की ओवरलोडिंग को लेकर यातायात प्राधिकरण की ओर से कार्रवाई की जाती है। वहीं चालान और जुर्माना भी किया जा रहा है। यातायात प्राधिकरण की ओर से ओवरलोडिंग वाहनों की चेकिंग की जाती है। समय-समय पर ट्रैफिक पुलिस को साथ लेकर बड़े वाहन चालकों को जागरूक भी किया जाता है।
- सुरेंद्र शर्मा, इंस्पेक्टर, आरटीओ विभाग