रतिया। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने बिना स्वीकृति चल रहे जल कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। उपमंडल अभियंता अंचल जैन की अध्यक्षता में बुधवार को कनेक्शन काटो अभियान चलाया गया। टीम ने कई कनेक्शनों की जांच की।
अभियान के दौरान विभागीय टीम ने बिना स्वीकृति चल रहे जल कनेक्शनों की जांच की। संबंधित उपभोक्ताओं को कनेक्शन नियमानुसार स्वीकृत और नियमित करवाने के निर्देश दिए गए। उपमंडल अभियंता अंचल जैन ने बताया कि संबंधित उपभोक्ताओं को करीब 20 दिन पहले नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस में निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर जल कनेक्शन स्वीकृत करवाने के निर्देश दिए गए थे।
उन्होंने बताया कि विभागीय टीम के मौके पर पहुंचने के बाद कुछ उपभोक्ताओं ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर कनेक्शन तुरंत मंजूर करवा लिए। कुछ उपभोक्ताओं ने बुधवार शाम तक का समय मांगा और कनेक्शन नियमित करवाने का आश्वासन दिया। जैन ने कहा कि विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को परेशान करना नहीं है। सभी जल कनेक्शनों को नियमों के अनुसार स्वीकृत करवाना जरूरी है।
उन्होंने उपभोक्ताओं से समय रहते आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की। अभियान में कनिष्ठ अभियंता अमनदीप सिंह, बीआरसी पृथ्वीराज, बीआरसी कुलदीप सिंह, की-मैन दलबीर सिंह, प्लंबर शमशेर सिंह, फिटर नफे सिंह, पंप चालक पवन कुमार सहित विभागीय टीम के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
-
अवैध पानी-सीवरेज कनेक्शन वैध कराने के लिए लगा शिविर
फतेहाबाद। पानी और सीवरेज के अवैध कनेक्शन वैध कराने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में बुधवार को शिविर लगाया गया। शिविर में लोगों को कनेक्शन वैध कराने की प्रक्रिया और शुल्क के संबंध में जानकारी दी गई। एसडीओ सतपाल रोज ने बताया कि जिन लोगों ने पानी या सीवरेज के अवैध कनेक्शन ले रखे हैं वे इन्हें जल्द वैध करवा लें। उन्होंने बताया कि फिलहाल रोड कट चार्ज माफ किया गया है। लोग 1000 रुपये में पानी का कनेक्शन और 500 रुपये में सीवरेज कनेक्शन ले सकते हैं। एसडीओ ने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए विभाग की ओर से शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि उन्हें कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें और कनेक्शन नियमित करवाने की प्रक्रिया आसान हो सके। संवाद