टोहाना के गांव चंदड़ में दहेज के लिए एक विवाहिता को जलाकर मारने का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने उसके ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को शव पोस्टमार्टम के लिए टोहाना के सामान्य अस्पताल में लाया गया, लेकिन यहां पोस्टमार्टम न होने पाने के कारण शव को अग्रोहा मेडिकल भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में मृतका के भाई की शिकायत पर उसके ससुराल पक्ष के 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में जिला जींद के सफीदों निवासी कुलविंद्र पुत्र कश्मीर ने बताया कि उसकी 25 वर्षीय बहन अमनदीप कौर का विवाह 6 मार्च 2011 को टोहाना के गांव चंदड़ निवासी सुखपाल के साथ हुआ था।
शादी के कुछ समय के बाद ही उसके ससुराल वाले उसे दहेज को लेकर परेशान करने लगे। कुलविंद्र ने आरोप लगया कि उसके ससुराल वाले उसके साथ दहेज को लेकर मारपीट भी करते थे।
लगभग एक साल पहले उसके ससुराल वालों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया था जिसके बाद उसकी बहन 7 महीनों तक अपने मायके रही थी। लेकिन उसके बाद समझौता करवा कर उसके ससुराल वापस भेज दिया गया था।
कुलविंद्र ने आरोप लगाया कि उसके ससुराल वालों ने मंगलवार रात को दहेज की मांग करते हुए उसकी बहन पर किरोसिन डालकर जला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने कुलविंद्र की शिकायत पर मृतका के पति सुखपाल, ससुर बख्शीश, उसके ननद प्रीत कौर, ननदोई शेर सिंह व सास जसवीर कौर के खिलाफ भादंस की धारा 304बी, 498ए व 34 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की है। मृतक अमनदीप कौर के ढाई माह के दो पुत्र हैं जो जुड़वा पैदा हुए थे। दोनों बच्चे फिलहाल अपने दादा-दादी के पास ही हैं।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
सदर थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया और और पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा रेफर कर दिया है।