ढाणी सांचला रोड पर अवैध कॉलोनी में निर्माण हटाती डीटीपी विभाग की टीम।
भूना। जिला नगर योजनाकार विभाग की टीम ने बुधवार को ढाणी सांचला रोड पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी के खिलाफ कार्रवाई की। डीटीपी कर्मवीर सिंह झाझड़िया के नेतृत्व में पहुंची टीम ने कॉलोनी में बनाई गई चहारदीवारी, प्लॉटों की भरी हुई नींव और सड़कों को जेसीबी की मदद से उखाड़ दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।
विभाग की कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट रविंद्र कुमार की निगरानी में की गई। एनफोर्समेंट ब्यूरो विंग फतेहाबाद की पुलिस फोर्स की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से अवैध रूप से किए गए विभिन्न निर्माणों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई।
डीटीपी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, ढाणी सांचला रोड पर बिना जरूरी अनुमति के कॉलोनी विकसित किए जाने की सूचना के बाद विभाग की ओर से कार्रवाई की गई। टीम ने मौके पर कॉलोनी में किए गए निर्माण और सड़क संबंधी कार्यों को हटाया। विभाग ने स्पष्ट किया कि नियमानुसार स्वीकृति के बिना किए जा रहे निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय निरीक्षक पुष्पा, कनिष्ठ अभियंता संदीप कुमार, सहायक सुरेश कुमार सहित विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से पूरी की गई।