बजट में जिले को ज्यादा कुछ नहीं मिला, लेकिन निराश होने वाली बात भी नहीं है। बजट सत्र के प्रश्नकाल में फतेहाबाद हलके से विधायक दुड़ाराम ने आठ मांगें रखी थीं। सारी तो पूरी नहीं हुईं, लेकिन कुछेक पूरी हो गई हैं। भूना में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और टोहाना व फतेहाबाद में बारिश के पानी की निकासी के लिए प्रोजेक्ट लगाने की बात की है। हालांकि ये योजनाएं पहले भी बन चुकी हैं। अबकी बार बजट में शामिल कर दिया गया है।
इसके अलावा रतिया व भूना क्षेत्र के लिए अहम योजना है एक्सप्रेस वे का निर्माण। इसको लेकर पहले योजना बन चुकी है और बाकायदा प्रारंभिक सर्वे भी किया जा चुका है। सरकार की योजना के मुताबिक पानीपत से डबवाली तक एक्सप्रेस वे बनाया जाएगा, जोकि भूना, रतिया व सरदूलगढ़ होकर जाएगा।
विधायक दुड़ाराम ने जो मांगें रखी थीं
शहर में 200 बिस्तरों का अस्पताल।
सेक्टर सेक्टर 3, 5 और 7 में नहरी जल घर।
फतेहाबाद में सरकारी कॉलेज।
भूना में बाईपास का निर्माण।
भूना से फतेहाबाद मार्ग को चौड़ा किया जाए।
फतेहाबाद शहर में सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त की जाए।
भूना व भट्टू कस्बे में सीवरेज पाइप लाइन डाली जाए।
डाइट में जेबीटी छात्रों की क्लास शुरू हो।
सरकार ने जो दिया...
सूक्ष्म सिंचाई योजना में विस्तार।
भूना में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट।
फतेहाबाद में सीवरेज व्यवस्था में सुधार।
फतेहाबाद व टोहाना में बारिश के पानी की निकासी।
पानीपत से रतिया व भूना होते हुए डबवाली तक एक्सप्रेस वे
कर्ण कोट किला को संरक्षण में लेगी सरकार
जानिये घोषणाएं, क्या हैं उनके मायने
सूक्ष्म सिंचाई योजना : इस योजना के तहत उन खेतों तक पानी पहुंचाया जाएगा, जहां सिंचाई संभव नहीं है। इसके अलावा डार्क जोन में पानी की खपत घटेगी। टोहाना डार्क जोन में शामिल हैं। वहां पर ट्यूबवेल लगाने पर प्रतिबंध है। इसके अलावा भूना, भट्टूकलां व फतेहाबाद के काफी इलाकों में जमीन रेतीली है। नहरी पानी पहुंचता नहीं है। ट्यूबवेल का पानी कम पड़ जाता है। उन क्षेत्रों में लोगों को सिंचाई की सुविधा मिल पाएगी।
भूना में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट : भूना को कुछ साल पहले ही ग्राम पंचायत से नगर पालिका का दर्जा मिला है। आबादी बढ़ रही है और कस्बे का विस्तार हो रहा है। लोगों के सीवर की समस्या है। सीवरेज व्यवस्था सुधारने के लिए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाना अनिवार्य है। इसलिए यह योजना भूना वासियों के लिए अच्छी सौगात है।
फतेहाबाद में सीवरेज व्यवस्था : फतेहाबाद शहर में पहले से सीवरेज ट्रीटमेंट लगा हुआ है। बजट में सरकार ने जिक्र किया है कि इस ट्रीटमेंट प्लांट को अपग्रेड किया जा रहा है। यानी फतेहाबाद में सीवरेज व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा। हालांकि यह कोई नहीं योजना नहीं है, बल्कि पहले से काम चल रहा है।
फतेहाबाद व टोहाना में बारिश के पानी की निकासी : हालांकि यह कोई नई योजना नहीं है, लेकिन पहले कभी इस पर काम नहीं हुआ। पहले योजना बनाई थी कि फतेहाबाद व टोहाना में जगह-जगह रिचार्जिंग बोर लगाए जाएंगे, लेकिन ऐसा कुछ हुआ नहीं। इससे बारिश के पानी की निकासी दुरुस्त होगी और सीवर लाइन पर दबाव घटेगा।
पानीपत से डबवाली एक्सप्रेस वे : इसको लेकर सरकार कई महीनों से योजना बना रही है। बाकायदा सर्वे भी हो चुका है। पानीपत से रतिया व भूना होते हुए डबवाली तक एक्सप्रेस वे बनाए जाने की योजना है। फिलहाल रतिया से भूना मार्ग को स्टेट हाईवे का दर्जा भी नहीं मिला हुआ, बल्कि आम लिंक मार्ग माना जाता है, लेकिन ट्रैफिक बहुत ज्यादा है। यहां एक्सप्रेस वे बनने से जमीन की कीमतें बढ़ेंगी और फतेहाबाद के गई गांव हाईवे से जुड़ेंगे।