विजिलेंस सिरसा की टीम ने वीरवार शाम को फतेहाबाद बस स्टैंड में छापा मारकर रोडवेज के हेड क्लर्क को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू कर लिया। विजिलेंस ने हेड क्लर्क के खिलाफ रोडवेज के एक चालक की शिकायत पर भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शेर सिंह निवासी गांव पिरथला हरियाणा रोडवेज में चालक के पद पर तैनात है। पहले उसकी ड्यूटी गुरुग्राम में थी और वह अपनी बदली करवाकर फतेहाबाद रोडवेज डिपो में आया था। शेर सिंह को रोडवेज का हेड क्लर्क सुंदरलाल वापस गुुरुग्राम ट्रांसफर करने की धमकी दे रहा था और रिश्वत की मांग कर रहा था। विजिलेंस को दी शिकायत में शेर सिंह ने बताया कि सुंदरलाल उससे ट्रांसफर न होने देेने की एवज में 5 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा था। बाद में मामले में 4 हजार रुपये की डील हो गई। वीरवार को शेर सिंह को सुंदरलाल को 4 हजार रुपये देने थे। इस दौरान विजिलेंस सिरसा के सब इंस्पेक्टर गुरजीत सिंह के नेतृत्व में एक टीम फतेहाबाद पहुंच गई। टीम ने पहले फतेहाबाद के डीसी से रेड मारने की मांग की। डीसी के आदेश देने के बाद टीम ने शेर सिंह को केमिकलयुक्त व हस्ताक्षर युक्त 4 हजार रुपये पकड़ा दिए। रोडवेज कार्यालय में जैसे ही शेर सिंह ने सुंदरलाल को रुपये पकड़ाए, इशारा पाकर विजिलेंस की टीम ने मौके पर रेड मारकर सुंदरलाल को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों काबू कर लिया। उसके हाथ धुलवाए गए तो लाल हो गए। विजिलेंस की टीम सुंदरलाल को फतेहाबाद के विजिलेंस कार्यालय में ले आई और उसके खिलाफ शेर सिंह की शिकायत पर भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया। उसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।