गांव ढाणी सांचला-भोजराज में नकली बायो खाद बेचने वाली एक कंपनी हिसार के प्रोपराइटर सुरेंद्र व पिकअप गाड़ी चालक जसवंत को पुलिस ने शुक्रवार को फतेहाबाद के न्यायालय में पेश किया। वहां उन्हें 14 दिनों के लिए जेल भेज दिया है। पुलिस ने कंपनी प्रोपराइटर सुरेंद्र से ढाणी भोजराज के किसानों से ली हुई 1200 रुपये एडवांस बुकिंग राशि को भी बरामद किया है।
बता दें कि ढाणी भोजराज के किसान दुष्यंत व संजय ने एक सप्ताह पहले अपने खेत की उर्वरा शक्ति बढ़ाने के लिए हिसार की एक कंपनी से बायो खाद मंगवाई थी। कंपनी के प्रोपराइटर सुरेंद्र ने किसानों से 1200 रुपये एडवांस बुकिंग के तौर पर भी लिए थे। उपरोक्त दोनों किसानों को 50 बैग बायो खाद एवं 25 लीटर कीटनाशक दवाई देने के लिए वीरवार को सुरेंद्र पिकअप गाड़ी में डालकर ढाणी भोजराज पहुंचा।
जब किसानों ने बायो खाद बेड पर कंपनी का मार्का व एक्सपायरी डेट एवं बैच नंबर देखे तो कुछ नहीं लिखा था। किसानों ने खाद विक्रेता से जानकारी मांगी तो उसने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। किसानों ने कृषि विभाग के उच्च अधिकारियों को जानकारी दी थी। सूचना मिलते ही क्वालिटी कंट्रोल इंस्पेक्टर ओम प्रकाश व भूना पुलिस मौके पर पहुंचे।
उन्होंने जांच की तो उपरोक्त बायो खाद एवं कीटनाशक दवाई नकली मिली। भूना क्षेत्र में पुलिस और कृषि विभाग की टीम ने नकली खाद के धंधे का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने सुरेंद्र व पिकअप गाड़ी चालक जसवंत के खिलाफ क्वालिटी कंट्रोल इंस्पेक्टर ओम प्रकाश की शिकायत पर धोखाधड़ी व आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया था।