मौके पर पहुंची एनडीआरएफ टीम भूपेंद्र को तलाशने के अभियान में लगी हुई :संवाद
रतिया। पंजाब के बोहा क्षेत्र निवासी स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भूपेंद्र का शव पंजाब के माखीवाला गांव के पास बरामद किया गया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बुढलाडा मोर्चरी हाउस में रखवा दिया है। भूपेंद्र शुक्रवार शाम से लापता थे। उनकी बाइक और चप्पल रतिया क्षेत्र के गांव ब्रह्मणवाला के समीप भाखड़ा नहर किनारे मिली थीं।
इसके बाद आशंका जताई जा रही थी कि उन्होंने नहर में छलांग लगा दी है। पंजाब प्रशासन ने भटिंडा से राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की 32 सदस्यीय टीम को बुलाया था। रविवार को रतिया पहुंची टीम ने भाखड़ा नहर में सर्च अभियान शुरू किया। रविवार दोपहर बाद पंजाब के माखीवाला गांव क्षेत्र से भूपेंद्र का शव बरामद हुआ।
वहीं शव मिलने के बाद मृतक के परिजनों ने न्याय की गुहार लगाते हुए सोमवार को पंजाब के बोहा कस्बा को बंद करने और बस स्टैंड पर एकजुट होने की अपील की है। परिजन रोष प्रदर्शन करेंगे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। उल्लेखनीय है कि भूपेंद्र पंजाब में स्वास्थ्य विभाग में हेल्थ सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। परिजनों का आरोप है कि एक नेता ने उसके पिता भूपेन्द्र को दोपहर करीब 2.30 बजे कर्मचारियों के सामने ही 2 से 3 मिनट फोन करके दबाव बनाया गया था। जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थे।
मौके पर पहुंची एनडीआरएफ टीम भूपेंद्र को तलाशने के अभियान में लगी हुई :संवाद