राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के बाहर परीक्षा के दौरान बैठे लोग
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। दसवीं कक्षा की परीक्षा का बुधवार को पहला दिन था। इस दौरान कई परीक्षार्थी बिना आईडी कार्ड लिए ही पहुंच गए। इसके चलते उन्हें भागदौड़ करनी पड़ी। दूर से आए परीक्षार्थी आईडी न होने पर सुपरवाइजर के आगे विनती करते दिखे। क्यूआर कोड से जांच के बाद सुपरवाइजर ने बैठने दिया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सीटिंग प्लान ढूंढने के लिए परीक्षार्थियों को मशक्कत करनी पड़ी। यहां पर परीक्षा केंद्र के गेट की जगह अंदर सीटिंग प्लान लगा हुआ था। इसके अलावा दो परीक्षा केंद्र अलग-अलग ब्लॉक में बने हुए थे। इसके चलते परीक्षार्थी असमंजस में रहे।
आखिर बनाया गया हेल्प डेस्क
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फतेहाबाद में मंगलवार को बारहवीं कक्षा की परीक्षा के दौरान एडमिट कार्ड सत्यापित न होने के कारण परेशानी हुई थी। इसको लेकर बुधवार के अंक में खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया। शिक्षा विभाग ने इस पर संज्ञान लेते हुए स्कूल में हेल्प डेस्क बनाया गया। यहां पर बिना सत्यापित एडमिट कार्ड को जांच के बाद सत्यापित किया गया।
धारा 144 की नहीं हुई पालना
परीक्षा को लेकर प्रशासन ने धारा 144 लगा रखी है। लेकिन इसके बावजूद स्कूलों के आगे लोगों का जमावड़ा लगा रहा। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के बाहर बुधवार को परीक्षा के दौरान काफी संख्या में लोग बैठे रहे। जिला शिक्षा अधिकारी दयानंद सिहाग ने बताया कि पुलिस कर्मचारियों व केंद्र सुपरिंटेंडेंट को इस संबंध में सख्त आदेश दिए हैं।