फतेहाबाद। बैठक में भाग लेते किसान नेता। पगड़ी संभाल जट्टा संगठन
फतेहाबाद। पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति की बैठक वीरवार को किसान रेस्ट हाउस में संपन्न हुई। इसकी अध्यक्षता किसान संघर्ष समिति के राज्य अध्यक्ष मनदीप नथवान ने की। बैठक में निर्णय लिया गया कि 20 जनवरी को ब्लॉक स्तर का किसान सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
सम्मेलन में भाग लेने के लिए समिति की ओर से गांव-गांव जाकर किसानों को जागरूक करने का अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा बैठक में किसानों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। इनमें प्रमुख रूप से फसल बीमा की समस्या, बीमा क्लेम का समय पर न मिलना, सेम (जलभराव) की समस्या, तथा बाजार में नकली खाद और बीज की बिक्री जैसे मुद्दे शामिल रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए मनदीप नथवान ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की समस्याओं पर गंभीर नहीं है। प्राकृतिक आपदा से खराब हुई फसलों का अभी तक मुआवजा नहीं मिला है। किसान सेम समस्या से आज भी जूझ रहे हैं। बाजार में नकली खाद-बीज बेचने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही।
ऐसे में पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति ने किसान सम्मेलन बुलाया है। सम्मेलन में चर्चा के बाद इन मुद्दों पर आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी। बैठक में किसान नेता ओम प्रकाश हसंगा, कर्मजीत सिंह सालमखेड़ा, मलकीत उप्पल, सुरजीत उप्पल, लवी बाठ, सुरेश गड़वाल, गुरप्रीत सिंह, छबील दास और राकेश मलिक उपस्थित रहे।