रतिया। ब्लॉक समिति के चेयरमैन केवल कृष्ण मेहता के खिलाफ एक वर्ष बाद फिर अविश्वास प्रस्ताव पर बैठक बुलाने की मांग की गई है। इस बारे में सोमवार को ब्लॉक समिति के सदस्य लघु सचिवालय में उपायुक्त से मिले। 17 सदस्यों का बहुमत होने के चलते अविश्वास प्रस्ताव पर मीटिंग बुलाने की मांग की गई।
चेयरमैन के खिलाफ अविश्वास जताने वाले सदस्य सिमरनजीत कौर, पालो कौर, अशोक कुमार, सुनील कुमार, जसवीर कौर, राजिंद्र कौर, सुमनप्रीत कौर, ऊषा देवी, जयबीर सिंह, बग्गा सिंह, अमन रहे। 17 सदस्यों के हस्ताक्षर युक्तपत्र में इन सदस्यों ने कहा कि ब्लॉक समिति चेयरमैन अपने कर्तव्यों की पालना सही नहीं कर रहे हैं।
जब भी वे अपने इलाके की समस्याओं के बारे में बता करते हैं, तो वे हमारी कोई बात नहीं सुनता है। वह अपना विश्वास खो चुका है, इसलिए सदस्य मिलकर चेयरमैन केवल मेहता के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाना चाहते हैं। हमारे ऊपर किसी का कोई दबाव नहीं है, इसलिए जल्द मीटिंग बुलाई जाए।
-
पिछले वर्ष 10 जनवरी को अविश्वास प्रस्ताव हुआ हुआ था खारिज
पिछले वर्ष भी केवल मेहता के खिलाफ ब्लॉक समिति सदस्यों ने उपायुक्त को अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की थी जिसके तहत 10 जनवरी को लघु सचिवालय में अविश्वास प्रस्ताव को लेकर बैठक बुलाई गई थी। इसमें तत्कालीन अतिरिक्त उपायुक्त राहुल मोदी की अध्यक्षता में बैठक बुलाई गई थी। उस दौरान 22 सदस्यों में से चेयरमैन केवल कृष्ण के अतिरिक्त 12 ही हाजिर हुए। इस कारण बैठक के लिए कोरम पूरा नहीं हो पाया। नियमानुसार एक वर्ष के बाद ही दोबारा अविश्वास प्रस्ताव लाया जा सकता है। अब वह अवधि पूरी होने के बाद सोमवार को फिर ब्लॉक समिति सदस्यों ने एकजुट होकर अविश्वास प्रस्ताव की मांग कर डाली। वही केवल मेहता ने कहा कि उनके पास पूर्ण बहुमत है तथा वह भी जल्द अपने बहुमत सदस्यों के साथ उपायुक्त से मिलकर अपना पक्ष रखेंगे