भूना। थानाध्यक्ष कंवर सिंह ग्रामीणों से मामले को लेकर पछताछ करते हुएस्त्रोत ग्रामीण
भूना। गांव खासा पठाना में डुल्ट रोड स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर लाइब्रेरी में स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमा पर किसी ने काला रंग डाल दिया। वीरवार सुबह घटना का पता चलने पर ग्रामीण एकत्रित हो गए। पुलिस ने शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीण वीरवार सुबह लाइब्रेरी पहुंचे तो प्रतिमा पर काला रंग पड़ा मिला। घटना की सूचना गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। रमन कुमार, अजय कुमार, संदीप कुमार, मनोज कुमार, सत्यवान, देशराज, सुरेंद्र सिंह, शमशेर सिंह और धर्मवीर सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने नाराजगी जताई।
उन्होंने आशंका जताई कि इस हरकत का मकसद गांव का माहौल खराब करना और लोगों के बीच आपसी मतभेद पैदा करना हो सकता है। ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की मांग की।
गांव के सरपंच ने कहा कि प्रतिमा के साथ ऐसी हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि पंचायत के सीसीटीवी कैमरे खराब हैं। उन्हें धुंध पड़ने से पहले ठीक करवाने के लिए भेजा गया है। सरपंच ने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की।
वहीं सूचना मिलने पर भूना थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी कंवर सिंह भी वीरवार देर शाम गांव पहुंचे और जांच की। पिछले वर्ष जयंती आयोजन के दौरान भी समुदाय के कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था। उस समय पंचायती लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करवा दिया था।