फतेहाबाद। शहर में डोर-टू-डोर कचरा उठाने के साथ आधे शहर की सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी निजी कंपनी को सौंपने के बावजूद कई प्रमुख सड़कों के किनारे कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। मिनी बाईपास, माजरा रोड और रतिया चुंगी के आसपास कचरा जमा होने से सफाई व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
मिनी बाईपास के किनारे तो हजारों टन कूड़ा अलग-अलग जगह पर जमा है। इन स्थानों पर मैरिज पैलेस संचालकों, उद्योगों और विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजकों की ओर से भी इन जगहों पर कचरा डाला जाता है। ऐसे में शहर को स्वच्छ रखने के लिए नगर परिषद की ओर से किए जा रहे प्रयासों के बावजूद खुले में कूड़ा फेंकने की समस्या बनी हुई है।
मिनी बाईपास के किनारे कूड़े के बड़े ढेर
मिनी बाईपास की शुरूआत सेक्टर तीन के सामने से होती है जो बीघड़ चौक, भट्टू रोड से होता हुआ नई अनाज मंडी के पास सिरसा रोड पर आकर समाप्त होता है। इस रोड पर जहां-जहां आवासीय कॉलाेनी बसी हुई हैं उसके किनारे पर काफी कचरा जमा हुआ है। मिनी बाईपास पर जमा कचरा सफाई व्यवस्था की स्थिति बयां कर रहा है। यहां लंबे समय से कूड़ा डाले जाने के कारण ढेर बढ़ते जा रहे हैं। इसी तरह माजरा रोड और रतिया चुंगी के किनारे खाली पड़ी जगह पर कचरा दिखाई देता है। प्रमुख सड़कों से गुजरने वाले लोगों को इन ढेरों से परेशानी होती है।
मैरिज पैलेस और उद्योगों के कचरे पर सवाल
इन स्थानों पर कचरा जमा होने के पीछे मैरिज पैलेस, उद्योगों और कार्यक्रमों से निकलने वाले कचरे को भी वजह माना जा रहा है। इस मामले में अधिकारियों का कहना है कि ये कचरा एजेंसी व सफाई कर्मचारियों की ओर से नहीं डाला जा रहा है यह कचरा कुछ उद्योग संचालक और आयोजक कचरे का उचित निस्तारण करने के बजाय उसे सड़क किनारे खाली जगहों पर डाल देते हैं। इससे सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है और खुले में कचरे के ढेर लग जाते हैं। हालांकि, इस संबंध में जिम्मेदार लोगों की पहचान और कचरा डालने की घटनाओं की पुष्टि जरूरी है।
यह कचरा आम लोगों की ओर डाला हुआ है। किसी एजेंसी या कर्मचारी की ओर से घरों से निकलने वाले मिनी बाईपास पर जमा कचरे को दो-तीन में दिन उठा लिया जाएगा। दूसरे जगहों पर जमे कूड़े को भी जल्द उठवाया जाएगा।
- कुमार सौरभ, इंचार्ज स्वच्छ भारत मिशन शहरी फतेहाबाद।
फतेहाबाद। लघु सचिवालय के सामने सेक्टर में पड़ा सीमेंट वेस्ट। संवाद