फतेहाबाद। बिजली, पानी और गृहकर बिल भरने को लेकर शहरवासी गंभीर नहीं हैं। हालात ये हैं कि करोड़ों रुपये बिल बकाया पड़ा है। बिल की रिकवरी को लेकर शनिवार और रविवार को छुट्टी के दिन भी नगर परिषद, जनस्वास्थ्य विभाग और बिजली निगम के बिल काउंटर खुले रहेंगे।
उपभोक्ता सुबह 9 बजे से लेकर दोपहर 2 बजे तक बिल भर सकते हैं। नगर परिषद कार्यालय की गृहकर शाखा भी शनिवार और रविवार को खुली रहेगी। इस बारे में नगर परिषद प्रशासन ने काउंटर खोलने को लेकर निर्देश जारी किए हैं। नगर परिषद प्रशासन अभी तक 25 फीसदी रिकवरी भी नहीं कर पाया है।
-
शहर के 4,995 उपभोक्ता ऐसे जिनका 10 हजार से ज्यादा बकाया पानी बिल
जनस्वास्थ्य विभाग का 6 करोड़ रुपये का पानी बिल बकाया है। इस साल अब तक मात्र 78 लाख की ही रिकवरी हो पाई है। शहर में 4,995 उपभोक्ता ऐसे हैं जिनका 10 हजार रुपये से ज्यादा पानी का बिल बकाया है। इस बारे में जनस्वास्थ्य विभाग संबंधित को नोटिस भी जारी कर चुका है। यहां तक कि बकायेदार उपभोक्ताओं कनेक्शन काटने की भी चेतावनी भी दी गई है। विभाग को बीएसएनएल से भी 2.69 लाख रुपये पानी बिल लेना है। जनस्वास्थ्य विभाग इस संबंध में नोटिस भी दे चुका है लेकिन रिकवरी नहीं हो पाई है।
-
सरकारी कार्यालय भी नहीं भर रहे बिजली बिल
बिजली निगम कार्यालय भी शनिवार और रविवार को खुले रहेंगे। शहर फतेहाबाद सब डिविजन की बात करें तो 1 करोड़ 99 लाख रुपये बिल बकाया है। इसके चलते निगम शनिवार और रविवार को काउंटर खुले रखेगा। एसडीओ रविंद्र कुमार का कहना है कि लघु सचिवालय का 2.19 लाख रुपये, लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस का 4 लाख व दूसरे का करीब 1.17 लाख रुपये बिल बकाया है।
-
जिले के शहरों में प्रॉपर्टी की स्थिति
शहर प्रॉपर्टी
भूना 11770
फतेहाबाद 42,607
जाखल मंडी 9,911
जाखल मंडी 4,748
रतिया 19,310
टोहाना 29,477
-
जिले में कल खुले रहेंगे सरकारी खजाना कार्यालय व बैंक
उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 में लंबित कार्यों के निपटान के लिए जिले में अब 30 मार्च को भी सभी खजाना, उप खजाना कार्यालय व एजेंसी बैंकों को खोलने का निर्णय लिया गया है। इससे पहले 31 मार्च को वित्त वर्ष 2024-25 का अंतिम दिन होने के कारण सरकारी बिलों के लेन देन के लिए जिले के समस्त खजाना, उप-खजाना व सभी संबंधित बैंकों को 31 मार्च को रात्रि 12 बजे तक खुले रखने के आदेश दिए गए हैं।
-
जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से शनिवार और रविवार को काउंटर बिल भरने को लेकर खुले रहेंगे। उपभोक्ता सुबह 9 बजे से लेकर दोपहर 2 बजे तक पानी बिल भर सकते हैं।
- सतपाल रोज, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग, फतेहाबाद।
-
बिजली निगम कार्यालय में बिल काउंटर खुला रहेगा। छुट्टी के दिन भी उपभोक्ता काउंटर पर आकर बकाया बिल भर सकते हैं। इसके अलावा ऑनलाइन भी बिल का भुगतान किया जा सकता है।
- रविंद्र कुमार, एसडीओ, शहरी सब डिविजन, बिजली निगम, फतेहाबाद।
-
छुट्टी वाले दिन गृहकर जमा करने के लिए नगर परिषद में बिल काउंटर खुले रहेंगे। बकायेदार बिल जमा करवा सकते हैं।
-राजेंद्र सोनी, ईओ, नगर परिषद, फतेहाबाद।