रतिया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अहरवां में कार्यरत अध्यापिका पूजा रानी से सोमवार दोपहर बाइक सवार दो बदमाश बैग छीनकर ले गए। वारदात उस समय हुई जब पूजा रानी बुढलाडा रोड स्थित बीडीओ ब्लॉक के पास से गुजर रही थीं। उनकी ड्यूटी इन दिनों जनगणना कार्य में लगी हुई है।
पूजा रानी ने बताया कि उनके बैग में करीब 800 रुपये नकद, मोबाइल फोन, जनगणना से संबंधित सरकारी दस्तावेज और अन्य जरूरी कागजात थे। पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने अचानक झपट्टा मारकर उनके हाथ से बैग छीन लिया और तेज रफ्तार से भाग गए। पूजा ने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा भी किया लेकिन आरोपी भागने में सफल रहे। सूचना के बाद शहर थाना प्रभारी पुष्पा मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी।
25 दिन में दूसरी वारदात, इसी जगह व्यापारी से छीने थे 25 हजार रुपये
इसी जगह पर 3 अप्रैल को शहर के किराना व्यापारी नवीन से बाइक सवार बदमाश 25000 रुपये व कागजों से भरा बैग छीन ले गए थे। महज 25 दिन के भीतर एक ही जगह पर दूसरी स्नैचिंग की घटना सामने आने से स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर रोष बढ़ गया है। लोगों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।