रतिया। गांव रत्ताथेह निवासी प्राइवेट वेटरनरी डॉ. अमृतपाल सिंह से गांव लांबा में दो बाइक सवार युवकों ने चाकू की नोक पर 4800 रुपये लूट लिए। पुलिस को दी शिकायत में अमृतपाल सिंह ने बताया कि वह प्राइवेट तौर पर पशु चिकित्सा का काम करता है।
शुक्रवार को गांव बाड़ा में बीमार पशु को देखकर घर आ रहा था कि रास्ते में गांव लांबा के पास बाइक लेकर दो युवक खड़े थे। उन्होंने उसकी बाइक रुकवा कर उसे चाकूनुमा हथियार दिखाया और जान से मारने की धमकी देते हुए उससे चाकू की नोक पर जेब में पड़े 4800 रुपये, पर्स व अन्य सामान लूट लिया और फरार हो गए। पुलिस ने अमृतपाल की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि इससे पहले रतिया क्षेत्र में भी दुकानदारों से लूटपाट की घटनाएं सामने आई थी। दुकानदारों ने इन घटनाओं के विरोध में रतिया शहर थाना के एसएचओ जयसिंह के समक्ष रोष भी जताया था। थाना प्रभारी ने दो दिन में कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इस पर दुकानदारों ने चेतावनी दी थी कि अगर 2 दिन में पुलिस ने लूटपाट करने वाले लोगों को नहीं पकड़ा तो मजबूरन दुकानदारों को अपनी दुकान बंद करके रोष जताना पड़ेगा।
लूटपाट के मामले में शामिल आरोपी युवक पुलिस टीम के रडार पर हैं, जिनकी लोकेशन लगातार ट्रेस की जा रही है। पुलिस टीम युवकों के काफी करीब है तथा जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
-
जयसिंह शर्मा, एसएचओ, रतिया शहर थाना