नगरपालिका भूना के नवनिर्वाचित पार्षदों का शपथ ग्रहण कार्यक्रम 24 जून होगा। इसके बाद चेयरमैन और वाइस चेयरमैन का चुनाव किया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त जयकिशन आभीर ने पत्र भेजकर नगरपालिका के कार्यकारी अधिकारी को कार्यवाही से संबंधित दिशा-निर्देश जारी किए हैं। चुनाव की घोषणा होने के साथ ही भूना में राजनीतिक गरमराहट बढ़ गई है। सत्ता पक्ष लगातार पार्षदों से तालमेल बनाकर अपने समर्थक उम्मीदवार को ही दोनों पदों पर विराजमान करने के लिए लगातार प्रयासरत है। वहीं, विपक्ष ने भी चौधर कब्जाने के लिए भरसक कोशिश की मगर वे सफल होते नहीं दिख रहे हैं। चेयरमैन व वाइस चेयरमैन को लेकर नगरपालिका भूना में 15 पार्षदों में से 10 पार्षद एकजुट होकर भाजपा के साथ खड़े हैं।
इनमें चेयरमैन को लेकर राखी वाल्मीकि, मीना सरबटा, सरोज बाला के बीच त्रिकोण मुकाबला था। लेकिन इनमें पार्षदों की एकजुटता हो जाने के कारण राखी वाल्मीकि का पलड़ा भारी पड़ रहा है। वाइस चेयरमैन के पद की दौड़ में रहीश उर्फ रिसल, डॉक्टर कशमीर लाल कंबोज व नरेंद्र बागड़ी शामिल हैं। लेकिन अगर इनमें जातिगत समीकरण हावी होते हैं तो किसी की भी किस्मत चमक सकती है।
ये हैं नगरपालिका के पार्षद
नगरपालिका के वार्ड नंबर 1 से नरेंद्र सिंह उर्फ निक्का, वार्ड नंबर 2 से भूपेंद्र कौर, वार्ड नंबर 3 से एडवोकेट प्रवीन राणा, वार्ड नंबर 4 से मीना रानी, वार्ड नंबर 5 से राखी वाल्मीकि, वार्ड नंबर 6 से औमप्रकाश कंबोज, वार्ड नंबर 7 से कशमीरीलाल कंबोज, वार्ड नंबर 8 से अनिल कुमार कंबोज, वार्ड नंबर 9 से रिम्पी सोनी, वार्ड नंबर 10 से प्रवीन जैन, वार्ड नंबर 11 से सुदेश दहिया, वार्ड नंबर 12 से सुदेश ग्रोवर, वार्ड नंबर 13 से सरोज बाला, वार्ड नंबर 14 से नीलम गर्ग व वार्ड नंबर 15 से रहीश कुमार उर्फ रीसल शामिल हैं।
क्या कहते हैं नप सचिव
नगरपालिका के सचिव संदीप सोलंकी ने बताया कि 24 जून को नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलवाई जाएगी तथा प्रधान व उपप्रधान पद का भी चुनाव होगा। जिसको लेकर तैयारियां चल रही है। उन्होंने बताया कि उच्चाधिकारियों के दिशानिर्देश के बाद संबंधित पार्षदों को शपथ व चुनाव से संबंधित सूचना दी जा रही है।