नागरिक अस्पताल के आईसीयू में मरीजों का हालचाल पूछते उप सिविल सर्जन।
- फोटो : Fatehabad
कोरोना संक्रमण खतरनाक होता जा रहा है और गंभीर मरीजों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बुधवार को जिला कोविड सेंटर के आईसीयू में बेड खत्म हो गए है। यहां पर 6 वेंटिलेटर है। अगर गंभीर मरीज को वेंटिलेटर की जरूरत पड़ती है तो उसे प्रयोग में लिया जा सकता है। अब गंभीर मरीजों को उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग अग्रोहा मेडिकल रेफर करेगा। इसकी पुष्टि खुद उप सिविल सर्जन डॉ. हनुमान ने की है।
डॉ. हनुमान का कहना है कि गंभीर मरीजों को अग्रोहा मेडिकल रेफर करने के अलावा दूसरा कोई रास्ता नहीं है। ये वेंटिलेटर भी पिछले साल केंद्र सरकार और गोरखपुर प्लांट की तरफ से मिले थे। 6 वेंटिलेटर फतेहाबाद में लगाए गए है और अन्य को टोहाना व रतिया में लगाया गया है। इसके अलावा जिला कोविड सेंटर में अन्य कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। बुधवार तक यहां पर 13 मरीज दाखिल थे। कोरोना संक्रमित मरीजों को आइसोलेट करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने प्रशासन से अग्रवाल धर्मशाला मांगी थी। धर्मशाला को कोविड केयर सेंटर बनाने के लिए प्रशासन ने मंजूरी दे दी। लेकिन अभी तक धर्मशाला को स्वास्थ्य विभाग के हैंडओवर नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि धर्मशाला 21 अप्रैल तक बुकिंग पर है। इसके बाद ही स्वास्थ्य विभाग के हैंडओवर किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग यहां पर उन मरीजों का रखेगा, जिनके घर पर आइसोलेशन की जगह नहीं है।
जिला कोविड सेंटर में बढ़ाए गए 10 बेड
नशा मुक्ति केंद्र में बनाए गए जिला कोविड सेंटर के ऊपर के हाल में 10 बेड लगा दिए गए है। मरीजों की संख्या को देखते हुए यहां पर बिस्तरों की संख्या बढ़ाई गई है। अब करीब यहां पर 26 बिस्तर हो गए है। इसमें 13 बिस्तरों पर मरीज दाखिल हैं।
कोट
जिला कोविड सेंटर की आईसीयू में बेड खत्म हो गए है। यहां पर 6 वेंटिलेटर है। आईसीयू में 6 मरीज दाखिल है। अगर कोई सीरियस मरीज आता है तो उसे अग्रोहा मेडिकल रेफर किया जाएगा। कोविड केयर सेंटर के लिए धर्मशाला अभी नहीं मिली है। वीरवार के बाद मिलने की उम्मीद है।
- डॉ. हनुमान, उप सिविल सर्जन।