खैरी चौक पर एक बस्ती में मंगलवार की रात्रि को वेश्यावृति के शक में एक महिला को लोगों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा तथा एक घर में कैद कर दिया। पुलिस ने सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना में भर्ती करवाया है। बस्ती के लोगों ने भी महिला के खिलाफ थाना में शिकायत पत्र देकर वेश्यावृति करने का आरोप लगाया है। जबकि महिला ने बताया कि वह बुवान की रहने वाली है और एक बदमाश युवक के पीछा करने के कारण खैरी चौक पर पहुंच गई थी। महिला को अकेली देखकर बस्ती के लोगों ने उसे वेश्या समझकर मारपीट करना शुरू कर दिया। पुलिस ने घटना क्रम की जांच शुरू कर दी है।
एक महिला ने बताया कि वह मंगलवार को अपनी बहन के पास सिरसा गई थी। जिसके पास से वह 10 हजार रुपये लेकर अपने घर लौट रही थी। लेकिन भूना बस स्टैंड पर करीब 8 बजे उसके पीछे एक बदमाश किस्म का युवक लग गया। महिला ने बताया कि उसके पास 10 हजार रुपये थे। इसलिए वह डर गई और बाजार से होतेे हुए वह खैरी चौक पर पहुंच गई। जहां पर बदमाश से बचने के लिए लकड़ियों के ढेर में छुप गई। परंतु जैसे ही वह बाहर निकली तो दर्जनों महिला और पुरुषों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया और सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। महिला ने बताया कि इस दौरान 10 हजार रुपये, मोबाइल फोन तथा नाक में पहना हुआ सोने का कोका भी मारपीट करने वाली महिलाओं ने छीन लिया।
बस्ती वालों ने लगाया वेश्यावृति का आरोप
इस संबंध में बस्ती के कुछ लोगों ने महिला पर वेश्यावृति करने के आरोप लगाए है। उन्होंने कहा कि महिला अकेली बस्ती में नहीं आई थी उसके साथ चार युवक और थे। थाना प्रभारी प्रदीप श्योराण ने बताया कि खैरी रोड बस्ती से महिला को घायल व्यवस्था में पुलिस लेकर आई थी। जिसे स्वास्थ्य केंद्र भूना में दाखिल करवा दिया है। पुलिस घटना क्रम की सच्चाई जानने के लिए प्रयास कर रही है। घटना में जो भी आरोपी होंगे, उनके विरुद्घ मामला दर्ज होगा।