फतेहाबाद। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर जिले में सरकारी बैंकों के कर्मचारी 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान कर्मचारियों का धरना हिसार-सिरसा रोड स्थित एसबीआई बैंक के सामने होगा।
हड़ताल से जिले में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होने के साथ रोजाना करोड़ों रुपये का लेनदेन प्रभावित होने की संभावना है। यूएफबीयू की ओर से इससे पहले 11 सितंबर को एक दिवसीय हड़ताल की गई थी। मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के बाद यूनियनों ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन की हड़ताल का फैसला लिया है।
बैंक यूनियनों की मुख्य मांग पांच दिन का बैंकिंग सप्ताह लागू करने और परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) स्कीम को वापस लेने की है। बैंक कर्मचारी संगठनों का कहना है कि उनकी मांगों को लेकर सरकार और संबंधित स्तर पर बातचीत चल रही है।
जिले में 650 कर्मचारी होंगे हड़ताल में शामिल
जिला प्रधान नरेंद्र लांबा ने बताया कि जिले में करीब 650 बैंक कर्मचारी हड़ताल में शामिल होंगे। जिले में 100 से अधिक सरकारी बैंकों और उनकी शाखाओं पर इसका असर पड़ेगा। हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाएं बाधित रहने से व्यापारियों, खाताधारकों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। नकद लेनदेन, चेक क्लियरेंस, ऋण फाइलों और अन्य जरूरी कार्य पूरी तरह प्रभावित रहेंगे।
27 सितंबर को बैंक शाखाएं खोलने की अनुमति
भारतीय रिजर्व बैंक ने 27 सितंबर (रविवार) को सभी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को खोलने की मंजूरी दी है ताकि बैंकिंग व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा सके। इसके बाद भी 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल के चलते सरकारी बैंकों की सेवाओं पर असर रहने की संभावना है।
केंद्र सरकार के कर्मचारियों का वेतन-पेंशन 25 सितंबर को मिलेगी
यूएफबीयू संयोजक दीपक कूंडू ने बताया कि तीन दिवसीय हड़ताल के चलते सितंबर 2026 के लिए केंद्र सरकार के कर्मचारियों की सैलरी और पेंशन का भुगतान पहले करने का फैसला किया गया है। रक्षा, डाक और दूरसंचार सहित केंद्र सरकार के कार्यालयों के कर्मचारियों को 25 सितंबर को वेतन और पेंशन जारी की जाएगी।