चार महीने से बैंकों के चक्कर काट रहे पीड़ित व्यक्ति ने अब इसकी शिकायत सीएम विंडो पर भेजी है। मॉडल टाउन निवासी मनोहर देवी रावल जो मनोहर मेमोरियल कॉलेज में इकॉनोमिक्स लेक्चरार हैं।
उसके पंजाब नैशनल बैंक एमएमसी ब्रांच के खाते को ठगों ने 28 फरवरी 2015 को हैक कर लिया तथा एक मार्च तक 61993 रुपये की राशि उड़ा दी। बैंक उपभोक्ता रावल को जब पैसे ट्रांसफर होने का मैसेज आया तो मनोहर देवी के पति दर्शन सिंह ने बैंक से संपर्क किया और स्टेटमेंट निकलवाई।
पता चला कि खाते से ऑनलाइन शॉपिंग तथा मल्टीपर्पज रिचार्ज किए गए हैं। जिसके बाद दर्शन सिंह ने खाते को बंद कराया। इसकी शिकायत स्थानीय अधिकारियों को दी लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
जिसके बाद दर्शन सिंह रावल ने सीएमडी दिल्ली को शिकायत भेजी। जिसके बाद 19993 रुपये की राशि खाते में ट्रांसफर कर दी गई। बैंक के क्राइम सेल की तरफ से दर्शन सिंह को पत्र भेजा गया कि आपकी शेष राशि की रिकवरी नहीं की जा सकती।
जिसके बाद चार महीने से बैंकों के चक्कर काट रहे दर्शन सिंह के शेष पैसों की रिकवरी नहीं हुई तो सोमवार को सीएम विंडो में शिकायत देकर रिकवरी करवाने की मांग की।